September 10, 2026

ढंडेरा नगर पंचायत को मिले चार नए सभासद, विकास की उम्मीदों को लगे पंख

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)

रुड़की। ढंडेरा नगर पंचायत में उत्तराखंड सरकार द्वारा नामित चार नए सभासदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर अपनी जिम्मेदारी संभाल ली है। नगर पंचायत परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नगरवासियों की मौजूदगी रही। नवनियुक्त सभासदों के शपथ लेने के बाद नगरवासियों में क्षेत्र के विकास को लेकर उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।

नगर पंचायत परिसर में आयोजित समारोह में तहसीलदार प्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय लेखपाल पंकज राजपूत की मौजूदगी में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र रावत ने चारों नामित सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में कोमल चौहान, रेखा नेगी, अतुल राणा और रविन्द्र बब्बर शामिल रहे।

शपथ ग्रहण के दौरान चारों सभासदों ने नगर की जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि वार्डों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

समारोह में पहुंचे राज्यमंत्री शोभाराम प्रजापति ने नवनियुक्त सभासदों को शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए सभासद जनता की समस्याओं को मजबूती के साथ उठाएंगे और ढंडेरा नगर पंचायत के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी जनता और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने की भी है।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश नेगी, अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र रावत, मंडल अध्यक्ष विकास पाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और नगरवासी मौजूद रहे। इस दौरान अभय चौहान, अंकित चौहान, अमरदीप राणा, आलोक पुंडीर, जितेंद्र चौहान, विशाल वर्मा, दीपक चौहान प्रधान, दीपक पुंडीर, बृजेश राणा, वीरेंद्र राणा, बॉबी राणा, बाटी राणा और सनी चौधरी समेत अन्य लोगों ने नवनियुक्त सभासदों को शुभकामनाएं दीं।

चार नए सभासदों के नगर पंचायत बोर्ड में शामिल होने के बाद स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को लेकर जनता की अपेक्षाएं बढ़ गई हैं। नगरवासियों की प्रमुख मांगों में साफ-सफाई, सड़क व्यवस्था, जल निकासी, पेयजल व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं में सुधार शामिल हैं। लोगों का कहना है कि वार्ड स्तर की समस्याओं को प्रभावी तरीके से नगर पंचायत बोर्ड के सामने रखने से उनके समाधान की प्रक्रिया तेज हो सकती है।

अब चारों नामित सभासदों के सामने सबसे बड़ी चुनौती जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की होगी। उन्हें न केवल अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को चिन्हित करना होगा, बल्कि नगर पंचायत बोर्ड और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समाधान के लिए प्रभावी प्रयास भी करने होंगे।

शपथ ग्रहण के साथ ही कोमल चौहान, रेखा नेगी, अतुल राणा और रविन्द्र बब्बर की नई जिम्मेदारी शुरू हो गई है। अब नगरवासियों की निगाहें इस बात पर रहेंगी कि नए सभासद अपनी जिम्मेदारियों का किस तरह निर्वहन करते हैं और ढंडेरा नगर पंचायत के विकास को कितनी गति दिला पाते हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!