रुड़की में ‘रक्षा संकल्प महोत्सव’ में उमड़ा मातृशक्ति का सैलाब, इंजीनियर चैरब जैन को हजारों बहनों ने बांधी राखी
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की। रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में वरिष्ठ समाजसेवी एवं युवा भाजपा नेता इंजीनियर चैरब जैन की ओर से हरमिलाप धर्मशाला में ‘रक्षा संकल्प महोत्सव’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रुड़की नगर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं और माताएं पहुंचीं। महिलाओं ने इंजीनियर चैरब जैन को राखी बांधकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और नगर, जिले तथा प्रदेश की राजनीति में सफलता के लिए आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उत्तराखंड के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का माहौल बना दिया। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई।
इंजीनियर चैरब जैन ने हजारों महिलाओं से राखी बंधवाई और उन्हें उपहार भेंट किए। उन्होंने कहा कि नगर की बहनों और माताओं ने उन्हें जो स्नेह, प्रेम और आशीर्वाद दिया है, उसे वह जीवनभर नहीं भूलेंगे। उन्होंने कहा कि यदि ईश्वर ने उन्हें भविष्य में किसी पद पर सेवा करने का अवसर दिया तो वह प्रत्येक घर में उम्मीद का दीपक जलाने और उसे रोशन करने का प्रयास करेंगे।
चैरब जैन ने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से समाज सेवा, जनसेवा और धर्मार्थ कार्यों के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने अपने पिता कमल जैन और चाचा सुरेश चंद जैन के आशीर्वाद का उल्लेख करते हुए कहा कि वह भी इसी सेवा की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए नगरवासियों के हित में कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि नगर के हर वर्ग, समुदाय और जाति के लोगों से मिलने वाला प्रेम उनके लिए सौभाग्य की बात है।
अंतरराष्ट्रीय शायर एवं कवि अफजल मंगलौरी ने कहा कि इंजीनियर चैरब जैन को राजनीति में ईमानदार, निष्ठावान और सभी का सम्मान करने वाले नेताओं में शुमार किया जाता है। उन्होंने कहा कि चैरब जैन के परिवार ने लोक कल्याण और धर्मार्थ कार्यों को हमेशा प्राथमिकता दी है। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान का भी उन्होंने उल्लेख किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने इंजीनियर चैरब जैन को राखी बांधकर आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन प्रेम, सम्मान और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का प्रतीक है। रिश्तों की गरिमा बनाए रखना और एक-दूसरे का सहयोग करना इस पर्व का मूल संदेश है।
वरिष्ठ भाजपा नेत्री एवं राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य रश्मि चौधरी ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं का एकत्र होकर अपने भाई को राखी बांधना इस आयोजन को विशेष बनाता है।
इस अवसर पर भाजपा जिला कोषाध्यक्ष नितिन गोयल, कमल जैन, मनीषा सिंघल, रुचि सिंह, नीलकमल शर्मा, सलोनी जैन, नेहा जैन, कनिका अग्रवाल, रश्मि जैन, उषा जैन, प्रतिभा चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, महिला पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन स्वाति चौधरी और प्रभा ने किया।







