लादपुर में जन अधिकार पार्टी की बैठक में उमड़ी भारी भीड़, रोहित वर्मा बोले—“यह भीड़ नहीं, बदलाव की दस्तक है”
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
लक्सर। विधानसभा लक्सर के ग्राम लादपुर में जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) की ओर से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली की मौजूदगी में क्षेत्र के गणमान्य लोगों एवं सम्मानित क्षेत्रवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। बैठक में सैकड़ों लोगों की मौजूदगी को पार्टी पदाधिकारियों ने क्षेत्र में बढ़ते जनसमर्थन और बदलाव की मजबूत दस्तक बताया।
बैठक का आयोजन कारी मुनासिब जी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे क्षेत्रवासियों ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली के समक्ष विभिन्न सामाजिक मुद्दों और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी। इस दौरान समाज की एकजुटता, भाईचारे, हक-अधिकार और बेहतर भविष्य को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली ने कहा कि जनता का लगातार बढ़ता विश्वास और समर्थन इस बात का प्रमाण है कि समाज अब अपने हक, अधिकार और बेहतर भविष्य को लेकर जागरूक हो रहा है। उन्होंने कहा कि जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) समाज की बेहतरी, सामाजिक एकजुटता, भाईचारे और समाज की मजबूती के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ संघर्ष कर रही है।
उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की आवाज को मजबूती से उठाना और उसके अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से समाज के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने तथा लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने का आह्वान किया।
बैठक में क्षेत्रीय स्तर पर बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही। इनमें मुनासिब, मुरसलीन, सलमान, अब्दुर रऊफ, खलील, जावेद, सनव्वर, बुर्हान, मुकीम, मोहित, शमशाद सहित अन्य क्षेत्रवासी शामिल रहे। उपस्थित लोगों ने सामाजिक एकजुटता और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) के जिला अध्यक्ष नदीम अहमद, विधानसभा पिरान कलियर अध्यक्ष मुराद अल्वी, अब्दुल रहमान, मुस्तकीम, दानिश खान, शाहरुख खान, नसीम अहमद, कैफ सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि जिस प्रकार से क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर अपनी भागीदारी दर्ज कराई है, उससे संगठन को नई ऊर्जा मिली है। कार्यकर्ताओं ने इसे आने वाले समय में सामाजिक और राजनीतिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण संकेत बताया।
जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) के कार्यालय प्रभारी रोहित वर्मा ने कहा कि लादपुर में उमड़ी यह भीड़ केवल संख्या नहीं है, बल्कि लोगों के बढ़ते विश्वास और जागरूकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “यह भीड़ नहीं, बदलाव की दस्तक है। यह समर्थन नहीं, आने वाले कल का संकल्प है।”
उन्होंने कहा कि पार्टी समाज के हक और अधिकार से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए लगातार जनता के बीच काम करती रहेगी। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया।




