पूर्व मेयर प्रत्याशी नगर निगम रुड़की पूजा गुप्ता एवं प्रदेश महामंत्री कांग्रेस सचिन गुप्ता ने समस्त देश-प्रदेशवासियों और रुड़कीवासियों को पवित्र पर्व रक्षाबंधन एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की। पूर्व मेयर प्रत्याशी नगर निगम रुड़की पूजा गुप्ता एवं प्रदेश महामंत्री कांग्रेस सचिन गुप्ता ने समस्त देश-प्रदेशवासियों और रुड़कीवासियों को पवित्र पर्व रक्षाबंधन एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ये दोनों पर्व भारतीय संस्कृति, प्रेम, आस्था, भाईचारे और आपसी विश्वास के प्रतीक हैं।
पूजा गुप्ता ने रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई की कलाई पर राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच प्रेम, स्नेह, विश्वास और जिम्मेदारी के मजबूत रिश्ते का प्रतीक है। यह पर्व हमें महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति संवेदनशील रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसा वातावरण बनाया जाना चाहिए, जहां हर महिला और बेटी स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित और आत्मनिर्भर महसूस करे। उन्होंने सभी से महिलाओं के सम्मान और समान अवसरों के लिए मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया।
सचिन गुप्ता ने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति की उस खूबसूरत परंपरा को दर्शाता है, जिसमें रिश्तों की मजबूती और एक-दूसरे के प्रति विश्वास को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि आज के समय में इस पर्व का संदेश और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। हमें बहनों के सम्मान, सुरक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने सभी भाई-बहनों से प्रेम और सद्भाव के साथ यह पर्व मनाने की अपील की।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए पूजा गुप्ता और सचिन गुप्ता ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, धर्म, कर्म, न्याय और मानवता का मार्ग दिखाता है। श्रीकृष्ण ने गीता के माध्यम से कर्म को जीवन का आधार बताते हुए कठिन परिस्थितियों में भी सत्य और धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी का पर्व समाज में प्रेम, शांति, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का अवसर है। सभी लोग आपसी मतभेद भुलाकर मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और जरूरतमंद लोगों की मदद करें।
अंत में उन्होंने सभी देश-प्रदेशवासियों एवं रुड़कीवासियों के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि रक्षाबंधन और जन्माष्टमी का पर्व सभी के जीवन में प्रेम, विश्वास, शांति और नई खुशियां लेकर आए।
