August 27, 2026

खानपुर विधानसभा के ढंडेरा में मनाया गया रक्षाबंधन मिलन समारोह, सैकड़ों बहनों ने उदय सिंह पुंडीर और सचिन गुप्ता को बांधी राखी

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)

खानपुर विधानसभा। ढडेरा क्षेत्र स्थित कैंप कार्यालय पर रक्षाबंधन मिलन समारोह बड़े ही हर्षोल्लास, प्रेम और भाईचारे के साथ आयोजित किया गया। रक्षाबंधन पर्व से दो दिन पहले आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र की सैकड़ों महिलाएं पहुंचीं और उदय सिंह पुंडीर तथा कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री सचिन गुप्ता की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को मजबूत किया। कार्यक्रम के दौरान राखी बांधने पहुंची महिलाओं को उपहार देकर सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी से कैंप कार्यालय का माहौल उत्सवमय नजर आया। महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से राखी बांधी और अपने भाइयों की लंबी उम्र एवं सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी रक्षाबंधन के पर्व को प्रेम, विश्वास, सुरक्षा और सामाजिक एकता का प्रतीक बताया।

अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष उदय सिंह पुंडीर ने क्षेत्रवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल एक धागे का बंधन नहीं है, बल्कि यह प्यार, विश्वास और सुरक्षा का वचन है। उन्होंने कहा कि समाज में भाईचारे, सद्भाव और एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से रक्षाबंधन मिलन समारोह का आयोजन किया गया है।

उदय सिंह पुंडीर ने कहा कि बड़ी संख्या में बहनें उन्हें रक्षा सूत्र बांधने के लिए कार्यक्रम में पहुंची हैं। उन्होंने बहनों के प्रति अपनी जिम्मेदारी व्यक्त करते हुए कहा कि जो भी बहनें उन्हें राखी बांध रही हैं, वह हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक उनके शरीर में खून की एक भी बूंद रहेगी, वह अपनी सभी बहनों का साथ देते रहेंगे।

वहीं कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री सचिन गुप्ता ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व भले ही एक निश्चित तिथि को मनाया जाता है, लेकिन इसकी भावनाएं पूरे समाज को जोड़ने का काम करती हैं। बहनें भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनसे सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहने का वचन लेती हैं।

सचिन गुप्ता ने कहा कि ढडेरा में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बहनें पहुंचीं और उन्होंने उनके साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। उन्होंने कहा कि बहनों ने उनकी कलाई पर राखी बांधकर उनसे यह वचन लिया कि रुड़की में रहने के बावजूद वह उनके बीच आते रहें और जरूरत के समय उनके सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहें। उन्होंने सभी बहनों का आभार जताते हुए रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

सचिन गुप्ता ने कहा कि भाई-बहन का रिश्ता प्रेम और विश्वास पर आधारित होता है। उन्होंने हाल ही में रुड़की में हुई दुखद घटना का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं से समाज को सीख लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संपत्ति, जायदाद या पैसा कभी भी भाई-बहन के रिश्ते और प्रेम से बड़ा नहीं हो सकता। भाइयों को अपनी बहनों की भावनाओं को समझना चाहिए और हर परिस्थिति में उनका साथ देना चाहिए।

उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और द्रौपदी के रिश्ते का उदाहरण देते हुए कहा कि भाई को अपनी बहन की रक्षा और सम्मान के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में सभी बहनों के सुखमय जीवन, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की समृद्धि की कामना की गई। समारोह ने भाई-बहन के प्रेम के साथ-साथ सामाजिक सद्भाव और एकता का संदेश भी दिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!