अशोक नगर में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, मेधावी प्रतिभाओं का हुआ सम्मान ,राष्ट्र उन्नति में युवाओं की भूमिका अहम : हर्ष प्रकाश काला
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की, 17 अगस्त। अशोक नगर क्षेत्रीय विकास समिति एवं उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संघर्ष समिति के संयुक्त तत्वावधान में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह भव्य एवं देशभक्ति के माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत समिति के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष हरिद्वार किरण चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
समिति के केंद्रीय अध्यक्ष एवं रुड़की तहसील के प्रथम राज्य आंदोलनकारी तथा वरिष्ठ समाजसेवी हर्ष प्रकाश काला ने सभी क्षेत्रवासियों, प्रदेशवासियों एवं देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत 15 अगस्त 1947 को विदेशी शासन से स्वतंत्र हुआ, लेकिन विकास के क्षेत्र में अभी कई चुनौतियां बाकी हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र का वास्तविक विकास बच्चों के संस्कार, उच्च शिक्षा, नैतिक शिक्षा और युवाओं की प्रतिभा को सही दिशा देने से संभव है।
काला ने कहा कि इसी उद्देश्य से समिति द्वारा क्षेत्र की उन प्रतिभाओं को सम्मानित किया जा रहा है, जिन्होंने दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं में अपनी-अपनी कॉलोनियों में उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए हैं। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने वाले युवाओं को भी सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि किरण चौधरी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी लोगों को अपने क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में आने से जुड़ा संस्मरण भी साझा किया। पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन एवं रानी देवयानी ने भी सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया।
नगर पंचायत के प्रथम चेयरमैन एवं राज्य आंदोलनकारी सतीश नेगी ने नगर पंचायत की ओर से शुभकामनाएं देते हुए नगर पंचायत को बेहतर बनाने में नागरिकों से सहयोग की अपील की। समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जीवानंद बुडाकोटी ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया, जबकि संपत्ति सचिव दिगंबर सिंह नेगी ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को संभाला।
समारोह में आदर्श शिवाजी नगर के हर्षित असवाल (10वीं, 95%), हर्षिता नेगी (इंटर, 93%), शिवाजी नगर की अन्नी उपाध्याय (10वीं, 95%), न्यू भारत कॉलोनी के निकुंज रावत (89.5%) और विजय नगर की अन्नू रावत (83%) को शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा सुमन जोशी के आर्मी में कमीशन प्राप्त करने, यशिका पुंडीर के ताइक्वांडो में स्वर्ण पदक, अर्बन रावत के 46वीं नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में रजत पदक तथा शुभम जुयाल के कॉमनवेल्थ गेम्स शॉटपुट में रजत पदक जीतने पर सम्मान किया गया।
समाजसेवी एवं भाजपा की कर्मठ कार्यकर्ता सुमन रौतेला को उत्तराखंड महिला आयोग की सदस्य तथा कीर्तिनगर रुड़की की रेखा नेगी को नगर पंचायत ढंडेरा में सरकार द्वारा सभासद नामित किए जाने पर स्मृति चिह्न एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन बीना कंडारी ने किया। वरिष्ठ नागरिकों तथा नन्हे बाल कलाकारों ने देशभक्ति गीत एवं प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाई। कार्यक्रम का संचालन समिति के सह सचिव विजय सिंह पंवार ने किया। इस अवसर पर महासचिव शिव चरण बिंजौला, भारती रौतेला, सुरेंद्र सिंह बिष्ट, देव सिंह सांवत, रविंद्र सिंह पंवार, गौर सिंह भंडारी, संतोषी राणा, इंदु सारन, रामसिंह भंडारी, महिपाल सिंह रावत, सुलोचना रावत, इंद्रपाल सिंह गुसाईं, ताजवर सिंह रौथाण सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, राज्य आंदोलनकारी एवं कॉलोनियों के सैकड़ों निवासी मौजूद रहे।












