हरियाली तीज महोत्सव में दिखी संस्कृति, उमंग और देशभक्ति की झलक, प्रदीप बत्रा व मनीषा बत्रा ने किया जमकर डांस
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की। ‘समर्पण जन कल्याण संगठन ट्रस्ट’ की ओर से आयोजित हरियाली तीज महोत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा और समाजसेविका मनीषा बत्रा का जोरदार स्वागत किया गया। उनके पहुंचते ही कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में उत्साह देखने को मिला।
हरियाली तीज के अवसर पर महिलाओं और क्षेत्रवासियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में तीज की पारंपरिक उमंग के साथ देशभक्ति का रंग भी देखने को मिला। गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और समाजसेविका मनीषा बत्रा ने भी मंच पर साथ में जमकर डांस किया। दोनों को उत्साहपूर्वक नृत्य करते देखकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान पूरा कार्यक्रम स्थल तालियों और खुशी के माहौल से गूंज उठा और हरियाली तीज महोत्सव एक यादगार जश्न में बदल गया।
कैबिनेट मंत्री एवं रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा ने हरियाली तीज महोत्सव के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि तीज हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ‘समर्पण जन कल्याण संगठन ट्रस्ट’ द्वारा समाजसेवा और लोक-कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम और उत्साह बढ़ाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में तीज की उमंग के साथ देशभक्ति का रंग भी देखने को मिला। उन्होंने आयोजकों और सभी उपस्थित लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाजहित में ऐसे सकारात्मक कार्यक्रम लगातार आयोजित होते रहने चाहिए।
इस अवसर पर ‘समर्पण’ संगठन के समाजसेवा और लोक-कल्याण के कार्यों की भी सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि संगठन लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के माध्यम से जरूरतमंदों की सेवा और समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास कर रहा है।
आयोजकों ने कहा कि हरियाली तीज जैसे पर्व हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से महिलाओं की प्रतिभा और सांस्कृतिक विरासत को मंच मिलता है। कार्यक्रम में तीज की उमंग, सांस्कृतिक रंग और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला, जिसने सभी का मन मोह लिया।
महोत्सव के समापन तक कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे संस्कृति और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने वाला सफल कार्यक्रम बताया।




