युवा अग्रवाल सभा ने मेधावी छात्र-छात्राओं का किया भव्य सम्मान, शिक्षा को बताया सफलता की सबसे बड़ी कुंजी
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। युवा अग्रवाल सभा, रुड़की (रजि.) द्वारा वैश्य समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में आयोजित अलंकरण एवं अभिनंदन समारोह साकेत स्थित धर्मशाला में अत्यंत भव्य, गरिमामय एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में उत्तराखंड बोर्ड एवं सीबीएसई बोर्ड की हाई स्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पटका पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य लोगों, शिक्षाविदों और अभिभावकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन जी महाराज की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद मेधावी विद्यार्थियों का एक-एक कर मंच पर सम्मान किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था, जबकि अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
मुख्य अतिथि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के उपनिदेशक प्रोफेसर प्रवीण कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र को नई दिशा देने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि ज्ञान की साधना कभी व्यर्थ नहीं जाती और जीवन में सफलता पाने के लिए कठोर परिश्रम, अनुशासन तथा निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि यदि एक रोटी कम भी खानी पड़े तो भी बच्चों की शिक्षा में किसी प्रकार की कमी नहीं आने देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर मेहनत ही व्यक्ति को ऊंचाइयों तक पहुंचाती है।
विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व मेयर गौरव गोयल, मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल, पूर्व मेयर प्रत्याशी श्रीमती पूजा गुप्ता, फोनिक्स के चेयरमैन इंजीनियर चेरब जैन तथा मांगीलाल मनोज महेश्वरी ने भी अपने विचार रखे। सभी वक्ताओं ने मेधावी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सफलता और असफलता जीवन का स्वाभाविक हिस्सा हैं। यदि किसी विद्यार्थी को अपेक्षित परिणाम नहीं मिलता तो उसे निराश होने के बजाय अपनी कमियों को दूर करने के लिए और अधिक मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी परिस्थिति में हिम्मत न हारने और जीवन को सकारात्मक दृष्टिकोण से आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
समारोह में हाई स्कूल वर्ग में अंश मित्तल, गौरी गुप्ता, आदित्य बंसल, मयंक, छवि अग्रवाल, आयुष गर्ग, ईशन गुप्ता, राघव सिंघल, आदित्य अग्रवाल, अनुष्का सिंघल, नैतिक जैन, वैभव अग्रवाल, श्रेया गुप्ता, राघव मित्तल, राजीव गर्ग सहित अनेक विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं इंटरमीडिएट वर्ग में अर्नव गोयल, दिव्यांशी, वैष्णवी गुप्ता, नैतिक गुप्ता, प्रीति मित्तल, भूमि गुप्ता, इशिका गर्ग, तनिष्क गर्ग, प्रगति, दीपिका, नंदिनी गोयल, दृष्टि गोयल, रुद्राक्ष अग्रवाल, वैष्णवी मित्तल, लक्ष्य मित्तल, लक्ष्य गुप्ता, समृद्धि अग्रवाल, युवराज गुप्ता, कृष गुप्ता, अंबिका पायल, चैतन्य बंसल और मानसी अग्रवाल सहित अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सचिन गुप्ता, मयंक गुप्ता, अभिषेक चंद्रा, संरक्षक प्रवीण गर्ग, अशोक अग्रवाल, अध्यक्ष पंकज सिंघल, महामंत्री नवनीत गर्ग, कार्यक्रम संयोजक नीरज गुप्ता, सहसंयोजक विभोर अग्रवाल, दीपक गुप्ता, गोविंद विकास, अभिषेक मित्तल, अनुज जिंदल, विकास गुप्ता, योगेश गर्ग, राजीव गुप्ता, आशीष अग्रवाल, विकास बंसल, विराज गर्ग, संदीप गुप्ता, बिजेंदर गर्ग एडवोकेट, अनिल गोयल, बुलचंद गोयल, राजेश सिंघल, दिनेश दयाल, राकेश गर्ग, सौरभ सिंघल, नवीन कुमार जैन एडवोकेट, शशिकांत अग्रवाल, राजन गोयल, विपिन सिंघल, नितिन गोयल, प्रमोद गोयल, शैलेश सिंघल, अशोक अग्रवाल और नीरज अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोकेश कुमार गुप्ता ने की, जबकि सफल संचालन नवनीत गर्ग ने किया।समारोह का समापन मेधावी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना और समाज में शिक्षा के महत्व को और अधिक मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ। आयोजन ने यह संदेश दिया कि प्रतिभाओं का सम्मान न केवल उनका उत्साह बढ़ाता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।



