रोटरी क्लब रुड़की सेंट्रल का सेवा अभियान: 220 मरीजों की हुई निःशुल्क नेत्र जांच, 40 मोतियाबिंद मरीज ऑपरेशन के लिए चयनित

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की, 26 जुलाई। समाज सेवा और मानव कल्याण के अपने संकल्प को आगे बढ़ाते हुए रोटरी क्लब रुड़की सेंट्रल द्वारा श्री गुरु रविदास आश्रम, लिब्बरहेड़ी (नहर पुल के पास) में निःशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद चयन शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोगों ने पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से अपनी आंखों की जांच कराई। इस जनहितकारी पहल को ग्रामीणों ने काफी सराहा और भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की मांग की।
शिविर में हिमालयन हॉस्पिटल, जॉलीग्रांट के अनुभवी नेत्र विशेषज्ञों एवं उनकी टीम ने लगभग 220 मरीजों की आंखों की गहन जांच की। जांच के दौरान करीब 40 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया, जिनका ऑपरेशन पूरी तरह निःशुल्क कराया जाएगा। इसके अलावा जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाइयों का भी नि:शुल्क वितरण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईपीडीजी रोटेरियन रवि प्रकाश ने कहा कि आंखों की रोशनी किसी भी व्यक्ति के जीवन की सबसे अनमोल संपत्ति होती है। ऐसे चिकित्सा शिविर उन लोगों के लिए वरदान साबित होते हैं, जो आर्थिक कारणों से बेहतर इलाज नहीं करा पाते। उन्होंने रोटरी क्लब रुड़की सेंट्रल की इस जनसेवा की सराहना करते हुए कहा कि क्लब समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रहा है।
रोटरी क्लब रुड़की सेंट्रल के अध्यक्ष रोटेरियन अनिल चड्ढा ने कहा कि क्लब हमेशा समाजहित के कार्यों को प्राथमिकता देता है। स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में क्लब लगातार विभिन्न प्रकल्प संचालित कर रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को लाभ मिल सके।
शिविर के प्रोजेक्ट चेयरमैन रोटेरियन दिनेश सिंह पवार ने कहा कि रोटरी का मूल उद्देश्य मानव सेवा है। इसी भावना के साथ क्लब निरंतर जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहा है। उन्होंने शिविर को सफल बनाने में चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और सभी सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।
प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर रोटेरियन सुमित अग्रवाल ने हिमालयन हॉस्पिटल की चिकित्सक टीम, स्वयंसेवकों एवं कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। वहीं रोटेरियन अचल मित्तल ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं और रोटरी क्लब भविष्य में भी इसी सेवा भावना के साथ जनहित के कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान शिविर में पहुंचे लोगों ने रोटरी क्लब के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के निःशुल्क चिकित्सा शिविर लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होते हैं। समय पर जांच और उपचार मिलने से कई गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव हो जाती है।
इस अवसर पर क्लब के सचिव रोटेरियन सतीश गर्ग, रोटेरियन दिनेश खत्री, श्री पदम सिंह सहित क्लब के अनेक सदस्य, स्वयंसेवक एवं गांव के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने ऐसे जनहितकारी आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!