यूट्यूब पर तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, 12 घंटे में हरिद्वार पुलिस का बड़ा खुलासा

(ब्योरो रिपोर्ट दिलशाद खान।KNEWS18)

हरिद्वार। मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन कालनेमि” के तहत हरिद्वार पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में थाना श्यामपुर पुलिस ने यूट्यूब के माध्यम से तंत्र-मंत्र और कथित चमत्कारों का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये ठगने वाले गिरोह का महज 12 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए ठगी की रकम में से ₹4.55 लाख नकद, एक लग्जरी एंडेवर कार, आईफोन और तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 की रात करीब साढ़े नौ बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि चंडी माता मंदिर के पास स्थित मन्नत ढाबा क्षेत्र में एंडेवर कार सवार एक महिला और दो पुरुष एक व्यक्ति से ₹4.60 लाख की ठगी कर फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही थाना श्यामपुर पुलिस सक्रिय हो गई और पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी करते हुए संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी। अगले दिन पीड़ित विनोद कुमार निवासी सोनीपत (हरियाणा) की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी गई।

जांच में सामने आया कि आरोपी “AGHORA” नाम से एक यूट्यूब चैनल संचालित करते थे। इस चैनल पर तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और कथित चमत्कारों से जुड़े वीडियो अपलोड कर लोगों का विश्वास जीता जाता था। वीडियो से प्रभावित होकर विभिन्न राज्यों के लोग अपनी पारिवारिक समस्याओं, भूत-प्रेत, ऊपरी बाधा और अन्य अंधविश्वास से जुड़े मामलों के समाधान के लिए इनसे संपर्क करते थे।

इसी प्रकार हरियाणा निवासी पीड़ित भी इनके झांसे में आ गया। आरोपियों ने उसे चंडी देवी मंदिर के पास विशेष पूजा कराने के नाम पर ₹4.60 लाख लाने के लिए कहा। मौके पर पहुंचने के बाद उन्होंने पीड़ित को लाल धागे से बंधा मिट्टी का मटका देकर मंत्र जाप करने को कहा और नकदी से भरा बैग अपनी कार में रखवा लिया। इसके बाद पूजा की सामग्री लाने का बहाना बनाकर तीनों मौके से फरार हो गए।

घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल जांच का सहारा लिया। विभिन्न चेक पोस्टों पर सघन चेकिंग के दौरान माइनिंग चेक पोस्ट, चिड़ियापुर के पास से दो पुरुषों और एक महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से ₹4.55 लाख नकद, आईफोन 17 प्रो मैक्स, सफेद रंग की एंडेवर कार तथा तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल किया गया मिट्टी का मटका और अन्य सामग्री बरामद की।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सोशल मीडिया और यूट्यूब के जरिए लोगों में अंधविश्वास फैलाकर उन्हें अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद तंत्र-मंत्र और विशेष पूजा के नाम पर लाखों रुपये और कीमती सामान ठग लेते थे। पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने अन्य राज्यों में भी इसी तरह की कई वारदातों को अंजाम दिया है, जिसकी जांच जारी है।

हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र, भूत-प्रेत या चमत्कार के नाम पर धन मांगने वाले लोगों के बहकावे में न आएं। यदि कोई इस प्रकार की धोखाधड़ी करने का प्रयास करता है तो तत्काल डायल-112 या नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें। इस त्वरित कार्रवाई को हरिद्वार पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!