उत्तराखंड में रहकर भी यूपी शासन में समीर आलम का दिखा बड़ा राजनीतिक दखल, कैबिनेट मंत्री के निर्देश पर शक्ति विहार पहुंचे सिंचाई विभाग के अधिकारी
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
पाडली गुर्जर/हरिद्वार। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव समीर आलम ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि जनहित के मुद्दों पर उनकी सक्रियता और उत्तर प्रदेश शासन में उनकी पहुंच आज भी प्रभावशाली मानी जाती है। शक्ति विहार कॉलोनी में लंबे समय से बनी जलभराव और जल निकासी की गंभीर समस्या को लेकर उनकी पहल के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के निर्देश पर सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और समस्या का स्थलीय निरीक्षण किया।

नगर पंचायत पाडली गुर्जर के वार्ड नंबर-1 स्थित शक्ति विहार कॉलोनी के निवासी लंबे समय से जलभराव की समस्या से परेशान हैं। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे लोगों के घरों तक पानी पहुंच जाता है और आवागमन के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न होने लगती हैं। स्थानीय लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव समीर आलम ने दो दिन पूर्व उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से फोन पर वार्ता कर पूरे मामले से अवगत कराया।
बताया गया कि मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के संबंधित उच्चाधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद विभाग के शीर्ष स्तर से अधिशासी अभियंता (एक्शन) को निर्देश जारी किए गए, जिसके बाद एसडीओ अर्जुन सिंह और जूनियर इंजीनियर बी डी धीमान और उनके साथ टीम तत्काल शक्ति विहार कॉलोनी पहुंची।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने समीर आलम के साथ प्रभावित क्षेत्र, नहर पटरी तथा जल निकासी के मार्ग का विस्तृत तकनीकी परीक्षण किया। अधिकारियों ने जलभराव के प्रमुख कारणों का अध्ययन करते हुए स्थायी समाधान के लिए विभिन्न विकल्पों पर चर्चा की। इस दौरान नहर पटरी के समीप मजबूत स्लैब निर्माण, जल निकासी मार्ग को चौड़ा करने तथा आवश्यक तकनीकी सुधार करने पर भी सहमति बनी।
अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि विभाग द्वारा विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जल्द ही आवश्यक कार्यवाही शुरू कराई जाएगी, ताकि क्षेत्रवासियों को वर्षों से चली आ रही इस समस्या से स्थायी राहत मिल सके।यूपी सिंचाई विभाग के एसडीओ अर्जुन सिंह ने बताया शक्ति विहार क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सिंचाई विभाग पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। अधिकारियों की टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्ययोजना तैयार कर ली है। जल्द ही नालों की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था में सुधार कर लोगों को राहत दिलाई जाएगी।”
इस मौके पर समीर आलम ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र की समस्या चाहे उत्तराखंड से जुड़ी हो या उत्तर प्रदेश से, यदि वह जनहित से संबंधित है तो उसके समाधान के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और सिंचाई विभाग के अधिकारियों का त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।
वही शक्ति विहार में वर्षों से जलभराव की समस्या से परेशान कालोनीवासियों में जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के प्रति नाराज़गी साफ़ दिखाई दी। वहीं, मामले को शासन स्तर तक पहुंचाने और अधिकारियों का निरीक्षण कराने को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव समीर आलम की स्थानीय लोग खुलकर सराहना कर रहे हैं विभागीय अधिकारियों के मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करने और समस्या के समाधान का भरोसा देने पर राहत की सांस ली। लोगों का कहना है कि यदि प्रस्तावित कार्य शीघ्र शुरू हो जाता है तो वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा। क्षेत्रवासियों ने समीर आलम की पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही कॉलोनी को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।इस मौके पर रवि टांक पूर्व सभासद प्रत्याशी ,दानिश सभासद अध्यक्ष,रागिब अंसारी सभासद,वसीम सभासद, गुलज़ार अंसारी सभासद,नरेश,लाल सिंह, एहतेशाम,मेहरबान,गुलशेर, सदाकत,आदि मौजूद रहे ।



