आईआईटी रुड़की में पहली बार आयोजित हुआ एनपीटीईएल उत्तर क्षेत्र स्टार अवार्ड सम्मान समारोह 2026, उत्तर भारत के 275 उत्कृष्ट शिक्षार्थी हुए सम्मानित

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की, 15 जुलाई। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की ने पहली बार एनपीटीईएल (नेशनल प्रोग्राम ऑन टेक्नोलॉजी एन्हांस्ड लर्निंग) उत्तर क्षेत्र स्टार अवार्ड सम्मान समारोह 2026 का सफल आयोजन कर डिजिटल शिक्षा और शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। इस प्रतिष्ठित समारोह में उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से चयनित 275 एनपीटीईएल स्टार शिक्षार्थियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड तथा जम्मू-कश्मीर के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और पेशेवरों ने भाग लिया। समारोह का उद्देश्य डिजिटल शिक्षा के माध्यम से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षार्थियों को सम्मानित करना, ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना तथा आजीवन सीखने की संस्कृति को प्रोत्साहित करना था।
समारोह में आईआईटी रुड़की के उपनिदेशक प्रो. प्रवीण कुमार, एनपीटीईएल एवं ई-लर्निंग केंद्र की समन्वयक प्रो. रंजना पाठानिया, एसआरआईसी के अधिष्ठाता प्रो. विवेक कुमार मलिक, शैक्षणिक कार्यों के अधिष्ठाता प्रो. नवीन कुमार नवानी तथा अवसंरचना के अधिष्ठाता प्रो. इंदरदीप सिंह सहित संस्थान के कई वरिष्ठ शिक्षाविदों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत ने अपने विशेष वीडियो संदेश में कहा कि डिजिटल शिक्षण मंच गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एनपीटीईएल जैसे प्लेटफॉर्म विद्यार्थियों, शोधार्थियों और कार्यरत पेशेवरों को आजीवन सीखने तथा लगातार अपने कौशल को विकसित करने का अवसर प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आईआईटी रुड़की इस राष्ट्रीय पहल का हिस्सा बनकर गौरवान्वित है और ज्ञान आधारित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान लगातार देता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रो. रंजना पाठानिया ने एनपीटीईएल की कार्यप्रणाली और उपलब्धियों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह मंच विद्यार्थियों, शिक्षकों और उद्योग से जुड़े पेशेवरों को देश के शीर्ष संस्थानों द्वारा तैयार किए गए उच्च गुणवत्ता वाले ऑनलाइन पाठ्यक्रम उपलब्ध कराता है, जिससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक सभी की समान पहुंच सुनिश्चित होती है।
समारोह का प्रमुख आकर्षण ‘स्टार लर्नर एक्सपीरियंस शेयरिंग’ सत्र रहा, जिसमें सम्मानित शिक्षार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि एनपीटीईएल पाठ्यक्रमों ने उनके तकनीकी ज्ञान, व्यावसायिक कौशल और करियर विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा उन्हें नई संभावनाओं के लिए तैयार किया।
इसके अलावा आईआईटी रुड़की के वरिष्ठ संकाय सदस्यों प्रो. बी.आर. गुर्जर, प्रो. रमेश अनाबंदनम, प्रो. प्रसंजीत मंडल, प्रो. रजत अग्रवाल और प्रो. मीनाक्षी रावत द्वारा तकनीकी कार्यशालाएं एवं संवादात्मक सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीकों, अनुसंधान और उद्योग से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
इस आयोजन में आईआईटी रुड़की की एनपीटीईएल टीम के साथ-साथ आईआईटी कानपुर और आईआईटी दिल्ली की एनपीटीईएल टीमों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी एवं सफल बनाया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रो. प्रवीण कुमार ने कहा कि एनपीटीईएल जैसी पहलें शिक्षा तक पहुंच का लोकतंत्रीकरण कर रही हैं और देशभर के विद्यार्थियों को समान अवसर उपलब्ध करा रही हैं। उन्होंने कहा कि आईआईटी रुड़की का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि डिजिटल शिक्षा, नवाचार और सतत कौशल विकास को बढ़ावा देकर भारत की उच्च शिक्षा प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाना भी है।
कार्यक्रम का समापन सभी 275 एनपीटीईएल स्टार शिक्षार्थियों को सम्मानित करने के साथ हुआ। यह आयोजन डिजिटल शिक्षा, नवाचार, समावेशी अधिगम और शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रति आईआईटी रुड़की की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा। संस्थान ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण ऑनलाइन शिक्षा के माध्यम से देश के हर कोने तक ज्ञान पहुंचाना ही भविष्य की शिक्षा का आधार है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!