कल हरिद्वार के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, IMD के ऑरेंज अलर्ट के बाद डीएम का बड़ा फैसला
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
हरिद्वार, 08 जुलाई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जनपद हरिद्वार में भारी वर्षा, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए 09 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। विद्यार्थियों और छोटे बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी हरिद्वार के निर्देशानुसार जनपद के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, हरिद्वार द्वारा जारी आदेश के अनुसार मौसम विभाग ने जनपद में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, तेज गर्जना, बिजली चमकने तथा तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की है। ऐसे मौसम में सड़क दुर्घटनाओं, जलभराव, पेड़ गिरने, विद्युत आपूर्ति बाधित होने और नदियों-नालों का जलस्तर बढ़ने जैसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इन्हीं संभावित जोखिमों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, विद्युत विभाग, जल संस्थान, वन विभाग और राजस्व विभाग सहित सभी संबंधित एजेंसियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा गया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि आपदा से जुड़ी किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन ने सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों और संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नदी, नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और भूस्खलन संभावित स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है। नगर निकायों को नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा सड़कों पर गिरे पेड़ों और मलबे को तुरंत हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें। आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों, खेतों और ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। नदी-नालों के किनारे जाने से परहेज करें और मौसम विभाग तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। अभिभावकों से भी अनुरोध किया गया है कि अवकाश के दौरान बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न भेजें।
जिला सूचना कार्यालय को मौसम संबंधी चेतावनी और आवश्यक सूचनाएं विभिन्न माध्यमों से आम जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, जिला आपदा परिचालन केंद्र को चौबीसों घंटे सक्रिय रखते हुए किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आईएमडी द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए 09 जुलाई को जनपद हरिद्वार के सभी स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रहेगा। प्रशासन ने सभी नागरिकों से सतर्क रहने, अफवाहों से बचने तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।
