गणेशपुर में अवैध निर्माण पर एचआरडीए का बड़ा एक्शन, बिना स्वीकृत मानचित्र बनाए जा रहे भवन को किया सील

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) द्वारा जनपद में अवैध निर्माणों और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। प्राधिकरण स्पष्ट कर चुका है कि बिना स्वीकृत मानचित्र के किसी भी प्रकार का निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसी अभियान के तहत प्राधिकरण की टीम ने रुड़की के गणेशपुर क्षेत्र में एक अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भवन को सील कर दिया।
जानकारी के अनुसार गणेशपुर निवासी अरुण द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृत कराए भवन का निर्माण कराया जा रहा था। इस संबंध में हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों के बाद प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि निर्माण कार्य बिना स्वीकृत मानचित्र के कराया जा रहा है।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने निर्माणकर्ता को पहले भी निर्माण कार्य रोकने तथा आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे और नोटिस भी दिया था  इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा। निरीक्षण के दौरान भी निर्माणकर्ता स्वीकृत मानचित्र प्रस्तुत नहीं कर सका। नियमों की अनदेखी और लगातार चेतावनी के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने पर प्राधिकरण ने कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को पूरी तरह सील कर दिया।
कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण की टीम ने भवन को सील करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी ने सील को तोड़ने या दोबारा निर्माण कार्य शुरू करने का प्रयास किया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि सील तोड़ना गंभीर उल्लंघन माना जाएगा और ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जा सकती है।
हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सोनिका ने कहा कि अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए भवन निर्माण करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढील नहीं बरती जाएगी। प्राधिकरण का उद्देश्य शहर का नियोजित विकास सुनिश्चित करना और निर्माण संबंधी नियमों का पालन कराना है। एचआरडीए के जेई प्रभात सिंह ने बताया कि निर्माणकर्ता को कई बार चेतावनी दी गई और नोटिस भी जारी किया गया, लेकिन इसके बावजूद अवैध निर्माण कार्य नहीं रोका गया। लगातार शिकायतें मिलने पर प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को सील कर दिया। प्राधिकरण के सहायक अभियंता टी. एस. पंवार ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार का भवन निर्माण शुरू करने से पहले प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि स्वीकृत मानचित्र के अनुसार निर्माण कराने से भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई, आर्थिक नुकसान अथवा भवन सील होने जैसी स्थिति से बचा जा सकता है। उन्होंने लोगों से निर्माण संबंधी सभी नियमों का पालन करने का आग्रह भी किया।
इस कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के सहायक अभियंता टी. एस. पंवार, कनिष्ठ अभियंता प्रभात सिंह, सीनियर सुपरवाइजर संजय कुमार, सुपरवाइजर ललित सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। एचआरडीए ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!