51 फीट ऊंचे भव्य राम दरबार मंदिर का शिलान्यास, अमित सैनी का संकल्प: करोड़ों की भूमि सनातन सेवा को समर्पित, 2027 तक बनेगा भव्य राम दरबार

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। एसके सैनी आस्था हेल्प फाउंडेशन द्वारा पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में प्रस्तावित 51 फीट ऊंचे भव्य राम दरबार मंदिर का वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पूरे परिसर को भक्तिमय वातावरण में परिवर्तित कर दिया। कार्यक्रम में भगवान श्रीराम के जयघोष और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मंदिर निर्माण की औपचारिक शुरुआत हुई।


फाउंडेशन के संस्थापक अमित सैनी ने बताया कि उन्होंने अपने दिवंगत पिता स्वर्गीय सुरेंद्र कुमार सैनी की स्मृति में वर्ष 2013 के बाद समाज सेवा का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि लोग उनके पिता के नाम पर स्कूल या कॉलेज बनाने की सलाह देते थे, लेकिन उन्होंने सेवा को सबसे बड़ा धर्म मानते हुए एसके सैनी आस्था हेल्प फाउंडेशन की स्थापना की। संस्था लगातार जरूरतमंदों की सहायता के साथ-साथ सनातन संस्कृति के संरक्षण और प्रचार-प्रसार का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से जो भी प्राप्त होता है, उसे समाज और धर्म की सेवा में लगाना ही जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य है।
अमित सैनी ने बताया कि वर्ष 2016 में पंचमुखी हनुमान मंदिर का निर्माण कराया गया था। अब उसी परिसर में भव्य राम दरबार का निर्माण किया जा रहा है। उनका उद्देश्य है कि चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु पहले भगवान श्रीराम के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करें, जिससे उनकी यात्रा सुखद, सुरक्षित और सफल हो। उन्होंने कहा कि तीन वर्ष पहले इसी दिन भूमि पूजन किया गया था और अब शिलान्यास की शुरुआत उनकी माता श्रीमती कुसुम देवी के करकमलों से कराई गई, क्योंकि माता-पिता ही जीवन के सबसे बड़े भगवान होते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के अंत तक मंदिर का निर्माण पूर्ण कर लोकार्पण किया जाएगा।
फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए अमित सैनी ने करोड़ों रुपये मूल्य की भूमि समाज और सनातन धर्म की सेवा हेतु समर्पित की है। भविष्य में यहां विशाल धार्मिक मेले, आध्यात्मिक आयोजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे यह स्थल उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों में अपनी विशेष पहचान बनाएगा।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि 31 फीट ऊंचे पंचमुखी हनुमान मंदिर के निर्माण के बाद क्षेत्र के श्रद्धालुओं की लंबे समय से भव्य राम दरबार की मांग थी, जो अब पूरी होने जा रही है। मंदिर बनने के बाद यह श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा और देश-विदेश से आने वाले भक्तों को आकर्षित करेगा।
राजेंद्र सैनी ने कहा कि अमित सैनी का समर्पण और सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने पहले भव्य हनुमान मंदिर का निर्माण कराया और अब राम दरबार का निर्माण कर सनातन धर्म को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। वहीं एसके सैनी आस्था हेल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष सुदेश सैनी ने कहा कि 51 फीट ऊंचे राम दरबार का निर्माण सनातन संस्कृति को समर्पित एक ऐतिहासिक पहल है। यह मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा समाज में सेवा, संस्कार और धार्मिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। पूर्व भाजपा प्रत्याशी मुनीश सैनी ने कहा कि 51 फीट ऊंचे भव्य राम दरबार मंदिर का निर्माण क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। यह मंदिर सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था को नई पहचान देगा। उन्होंने फाउंडेशन की पूरी टीम को इस पुण्य कार्य के लिए शुभकामनाएं दीं। संस्था के सचिव राजेंद्र सैनी ने कहा कि भव्य राम दरबार मंदिर का निर्माण सनातन धर्म और समाज सेवा के प्रति हमारी अटूट आस्था का प्रतीक है। यह मंदिर श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणा और आस्था का केंद्र बनेगा तथा आने वाली पीढ़ियों को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का कार्य करेगा। कार्यक्रम के अंत में संत-महात्माओं ने मंदिर निर्माण की सफलता और समाज में धार्मिक एकता की कामना करते हुए सभी श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया।
इस अवसर पर महंत विश्वास आनंद,रविंद प्रधान,पंडित उपेंद्र प्रसाद डिमरी,अमन उनियाल,रमेश शास्त्री,आचार्य जगन्नाथ शास्त्री,किशन शास्त्री,अरुण सैनी ,अभिलाष सैनी,अंतरिक्ष सैनी,अथर सैनी,आविष्कार सैनी,डोली सैनी ,आस्था सैनी, अक्षत सैनी, दादी कुसुम सैनी,प्रियंका सैनी,शशि ,सचिन सैनी,,आरोही सैनी आदि उपस्थित रहे ।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!