देहरादून में नर्सिंग अभ्यर्थियों के धरने को मिला जन अधिकार पार्टी का समर्थन, वर्षवार भर्ती बहाली की उठी मांग

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

देहरादून, 05 मई 2026। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में नर्सिंग भर्ती अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। एकता विहार स्थित धरना स्थल पर बीते 100 दिनों से अधिक समय से शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे नर्सिंग अभ्यर्थियों को अब जन अधिकार पार्टी – जनशक्ति का भी खुला समर्थन मिल गया है। पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय महासचिव हेमा भण्डारी के नेतृत्व में धरना स्थल पहुंचकर अभ्यर्थियों की मांगों को जायज बताते हुए उनके संघर्ष में साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया।
धरना स्थल पर नर्सिंग एकता मंच के अध्यक्ष नवल पुंडीर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी वर्षवार भर्ती प्रक्रिया बहाल करने की मांग को लेकर डटे हुए हैं। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में बदलाव के कारण हजारों योग्य अभ्यर्थी आयु सीमा से बाहर हो गए हैं, जिससे उनका भविष्य अधर में लटक गया है। अभ्यर्थियों का यह भी आरोप है कि सरकार ने उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया है, जबकि कोरोना काल में यही नर्सिंग युवा फ्रंटलाइन वॉरियर्स के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।
इस मौके पर हेमा भण्डारी ने धरनास्थल पर उपस्थित अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में बदलाव ने युवाओं के साथ अन्याय किया है। “जो युवा कोरोना जैसी आपदा में जनता की सेवा कर रहे थे, आज वही सरकार की नीतियों के कारण बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है,” उन्होंने कहा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां युवाओं के हित में नहीं हैं और इससे प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
जन अधिकार पार्टी ने इस दौरान चार प्रमुख मांगें सरकार के सामने रखीं। इनमें नर्सिंग अधिकारी भर्ती को पूर्व की भांति वर्षवार प्रक्रिया के तहत संचालित करने, आयु सीमा से बाहर हुए अभ्यर्थियों को विशेष राहत देने, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से लिखित आश्वासन दिलाने और खाली पड़े नर्सिंग पदों पर तत्काल भर्ती करने की मांग शामिल है। पार्टी का कहना है कि इन मांगों को पूरा करने से न केवल युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।
हेमा भण्डारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया, तो जन अधिकार पार्टी पूरे प्रदेश में आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी नर्सिंग अभ्यर्थियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और उनके हक की लड़ाई को हर स्तर पर लड़ेगी।इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश सचिव अभिषेक कुमार, विधानसभा अध्यक्ष तारीफ हुसैन, वरिष्ठ नेता वसीम, दानिश सैफी, तौसीफ खान, एहतेशाम, अफज़ाल, तौसिर खान, विधानसभा उपाध्यक्ष, रोहित कुमार और ब्रजपाल सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। धरना स्थल पर पार्टी नेताओं की मौजूदगी से अभ्यर्थियों का मनोबल बढ़ा और आंदोलन को नई ऊर्जा मिली।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!