November 27, 2026

खंजरपुर के राजकीय विद्यालयों में पूर्व मेयर गौरव गोयल ने वितरित की शिक्षण सामग्री, बच्चों की घटती संख्या और रखरखाव पर जताई चिंता

(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)

रुड़की। खंजरपुर स्थित राजकीय विद्यालयों में शिक्षा को बढ़ावा देने और जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पूर्व मेयर गौरव गोयल ने विद्यार्थियों को निशुल्क शिक्षण सामग्री वितरित की। इस दौरान उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजकीय प्राथमिक विद्यालय तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर-3 में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को पाठ्य सामग्री प्रदान की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सरकारी विद्यालयों में बच्चों की लगातार घटती संख्या तथा विद्यालयों के रखरखाव को लेकर भी चिंता व्यक्त की।

इस अवसर पर पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि शिक्षा केवल नौकरी प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन की प्रत्येक समस्या का समाधान खोजने, सही निर्णय लेने और बेहतर जीवनशैली अपनाने का आधार भी है। शिक्षा व्यक्ति के व्यावसायिक स्तर को ऊंचा उठाने के साथ-साथ उसके जीवन को नई दिशा और मार्गदर्शन प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा के प्रसार में अपनी भूमिका निभानी चाहिए, विशेषकर उन बच्चों की मदद के लिए आगे आना चाहिए जो आर्थिक परिस्थितियों के कारण जरूरी शैक्षिक संसाधन नहीं जुटा पाते।

उन्होंने कहा कि उनका प्रयास पिछले कई वर्षों से गरीब, निर्धन, बेसहारा और असहाय परिवारों के बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना रहा है। वह अपने स्तर से लगातार ऐसे प्रयास कर रहे हैं, जिससे जरूरतमंद विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध हो सके और वे अपनी शिक्षा बीच में छोड़ने के लिए मजबूर न हों। साथ ही उन्होंने सरकार की शैक्षिक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े विद्यार्थियों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

सरकारी विद्यालयों में घटती छात्र संख्या पर जताई चिंता

पूर्व मेयर गौरव गोयल ने सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों की घटती संख्या पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार को इस दिशा में गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि निजी विद्यालयों की बढ़ती फीस के बीच सरकारी स्कूलों को बेहतर सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उचित रखरखाव के माध्यम से मजबूत बनाया जाना चाहिए। यदि सरकारी विद्यालयों की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए तो यहां पढ़ने वाले विद्यार्थी भी भविष्य में आईएएस, पीसीएस सहित देश के उच्च पदों तक पहुंच सकते हैं।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री और प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद जैसे महान व्यक्तित्वों ने भी साधारण शैक्षिक एवं ग्रामीण परिवेश से अपनी शिक्षा प्राप्त कर देश के सर्वोच्च पदों तक का सफर तय किया। इसलिए सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को कमतर नहीं आंकना चाहिए, बल्कि उन्हें बेहतर अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने चाहिए।

20 वर्षों से जारी है निशुल्क पाठ्य सामग्री वितरण का प्रयास

विद्यालयों के प्रधानाध्यापक रविराज, प्रधानाध्यापक जयंती ठाकुर तथा प्रधानाध्यापक अवधेश कुमार ने पूर्व मेयर गौरव गोयल के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गौरव गोयल पिछले लगभग बीस वर्षों से लगातार सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्य सामग्री वितरित करते आ रहे हैं। उनके इस प्रयास से बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ती है और जरूरतमंद विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। शिक्षण सामग्री मिलने से बच्चों के मन में उत्साह पैदा होता है तथा उनके जीवन में आशा की नई किरण जगती है।

इस दौरान महेश प्रधान एवं अजय प्रधान ने भी पूर्व मेयर द्वारा किए जा रहे सामाजिक और शैक्षिक कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि समाज के आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की शिक्षा में सहयोग करना सराहनीय पहल है।

कार्यक्रम में समाजसेवी अमित अग्रवाल, तेज सिंह वर्मा, योगेंद्र सिंह जयराथिया, पूनम शर्मा, हेमलता और अंजू वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक रहने और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!