भगवानपुर में आधी रात पुलिस मुठभेड़ से मचा हड़कंप, तमंचा और जिंदा बछड़ा बरामद आरोपी छोटू गिरफ्तार
(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)
रुड़की/भगवानपुर। हरिद्वार जनपद में गौकशी और गोतस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में भगवानपुर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गौकशी के मामले में वांछित एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल से अवैध देशी तमंचा, खोखा कारतूस, एक जीवित बछड़ा और गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को कोतवाली भगवानपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गौकशी के मामले में वांछित छोटू पुत्र संसार उर्फ शमशाद निवासी ग्राम हलजोरा, आईटीआई तिराहे से मसाई जाने वाले मार्ग के सामने स्थित आम के बाग में गौकशी की तैयारी कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक रितेश साह के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आम के बाग में कांबिंग शुरू कर दी।
पेड़ से बंधा मिला बछड़ा
पुलिस टीम जब आम के बाग में तलाशी अभियान चला रही थी, तभी एक व्यक्ति पेड़ से बछड़े को बांधकर खड़ा दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों को सामने देखकर आरोपी ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने उसे चेतावनी देते हुए आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने दोबारा गोली चला दी।
जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली
पुलिस के मुताबिक, अपनी जान की सुरक्षा के लिए पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद आरोपी ने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस टीम ने सावधानीपूर्वक उसे हिरासत में लिया और मौके से अवैध हथियार सहित गौकशी में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया।
तमंचा, कारतूस और गौकशी के उपकरण बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे और घटनास्थल से .315 बोर का एक देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जीवित गोवंश (बछड़ा), लोहे की कुल्हाड़ी, दो लोहे की छुरी, मांस काटने के लिए लकड़ी का गुटका, काले एवं हरे रंग की प्लास्टिक पन्नियां तथा दो सफेद प्लास्टिक के कट्टे बरामद किए हैं। घटनास्थल पर पहुंची फील्ड यूनिट ने भी साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की।
कई धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस पार्टी पर फायरिंग करने के मामले में धारा 109(1) बीएनएस, 3/25 आयुध अधिनियम के साथ उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए सरकारी अस्पताल रुड़की भेजा गया।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी आया सामने
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी छोटू पुत्र संसार उर्फ शमशाद निवासी ग्राम हलजोरा का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना बुग्गावाला में वर्ष 2025 में मुकदमा संख्या 40/2025 और कोतवाली भगवानपुर में वर्ष 2026 में मुकदमा संख्या 419/2026 दर्ज है।
इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रितेश साह, उपनिरीक्षक सुनील पंत, आशीष नेगी, अपर उपनिरीक्षक प्रदीप चौहान, हेड कांस्टेबल ललित यादव, विनोद, सुधीर, कांस्टेबल उबैद उल्ला, अमित और अजय जोशी शामिल रहे।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि जनपद में गौकशी और गोतस्करी जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद गौकशी में संलिप्त आरोपियों में हड़कंप मचा हुआ है।

