पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का उमेश कुमार पर बड़ा हमला, बोले—खानपुर और लक्सर दोनों सीटों से लड़ूंगा चुनाव
(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)
रुड़की/खानपुर। पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने दीपावली के अवसर पर खानपुर की राजनीति में हलचल मचाने वाला बयान दिया है। उन्होंने खानपुर विधायक उमेश कुमार पर तीखा हमला बोलते हुए क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर सवाल खड़े किए। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में खानपुर और लक्सर दोनों सीटों से चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। चैंपियन ने कहा कि भले ही आज उनके पास कोई संवैधानिक पद नहीं है, लेकिन वह बिना पद के भी अपने क्षेत्र की जनता के मुख्य सेवक हैं और लगातार जनहित के कार्यों में जुटे हुए हैं।
दो पुलों की स्वीकृति को बताया दीपावली का तोहफा
चैंपियन ने बताया कि पिछले वर्ष 4 जुलाई 2025 को उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गिद्दावाली में बाणगंगा घाट पर पुल और ढाडेकी में सोलानी नदी के घाट पर पुल निर्माण की घोषणा कराई थी। इसके बाद दोनों परियोजनाओं का शासनादेश जारी कराने, प्राक्कलन तैयार कराने और तकनीकी एवं प्रशासनिक स्तर पर फाइल आगे बढ़वाने के लिए लगातार प्रयास किए।
उन्होंने बताया कि दो दिन पहले लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज से मुलाकात कर दोनों पुलों की पत्रावलियों को आगे बढ़ाने का अनुरोध किया था। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली के अवसर पर दोनों पुलों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही निर्माण कार्य के लिए पहली किश्त भी जारी होगी। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री का आभार व्यक्त किया।
उमेश कुमार पर विकास कार्यों को लेकर साधा निशाना
पूर्व विधायक ने उमेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता को मूर्तियां बनवाने, पेंटिंग लगवाने और दिखावे की राजनीति से कोई लाभ नहीं मिलने वाला है। जनता को क्षेत्र में वास्तविक विकास चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि खानपुर विधानसभा क्षेत्र में नया डिग्री कॉलेज, बिजलीघर, सरकारी ट्यूबवेल और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए क्या काम हुआ है? उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर जनता के सामने जवाब होना चाहिए।
सिडकुल में फैक्ट्री और रोजगार का किया दावा
चैंपियन ने कहा कि खानपुर में सिडकुल लाने के लिए उन्होंने आठ वर्षों तक मेहनत की है। उन्होंने बिरला टायर फैक्ट्री का उदाहरण देते हुए दावा किया कि उनके प्रयासों से करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार मिला था। उन्होंने कहा कि खानपुर के सिडकुल में भी बड़ी फैक्ट्री स्थापित कराने और हजारों बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए प्रयास करेंगे।
उन्होंने लंढौरा में इंटर कॉलेज, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और होम्योपैथिक अस्पताल बनवाने का भी उल्लेख किया। साथ ही 132 केवी बिजलीघर स्थापित कराने की अपनी पुरानी योजना का जिक्र किया।
दो सीटों से चुनाव लड़ने का किया ऐलान
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चैंपियन ने कहा कि वह खानपुर और लक्सर दोनों विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। पार्टी से टिकट मिला तो ठीक, अन्यथा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरेंगे। उन्होंने उमेश कुमार को चुनौती देते हुए अपनी जीत का दावा किया और कहा कि आगामी चुनाव में जनता उन्हें करारा जवाब देगी।
अपने बयान के दौरान चैंपियन ने राजनीतिक अनुभव और व्यक्तिगत क्षमता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह 61 वर्ष की उम्र में भी पूरी तरह सक्रिय हैं और किसी भी विषय पर बहस के लिए तैयार हैं।
अंत में उन्होंने कहा कि दीपावली पर खादर क्षेत्र को दो पुलों की स्वीकृति मिलना क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को धन्यवाद देते हुए कहा कि पुलों के निर्माण से क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

