October 28, 2026

भगवानपुर, भेड़पुर चौराहा, सिडकुल, नारसन और हरिद्वार में दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान, खामियां मिलने पर दिया नोटिस

(ब्योरो रिपोर्ट दिलशाद खान KNEWS18)

दीपावली पर्व से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार ने जिले में विशेष अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में विभागीय टीमों ने भगवानपुर, भेड़पुर चौराहा, सिडकुल, नारसन और हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र में सघन निरीक्षण किया। अभियान के दौरान दूध, गजक, पेड़ा, पनीर, मावा और मावा बर्फी समेत कुल 13 खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए। वहीं, खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और साफ-सफाई में लापरवाही मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों और वाहन संचालकों को नोटिस जारी किए गए।

भगवानपुर और सिडकुल में वाहनों की जांच

खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर 28 अक्टूबर को सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी के नेतृत्व में टीम ने भेड़पुर चौराहा, भगवानपुर और सिडकुल क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की आपूर्ति करने वाले वाहनों का निरीक्षण किया। इस दौरान खुले दूध के चार और गजक मिठाई के दो नमूने जांच के लिए लिए गए।

निरीक्षण में भगवानपुर स्थित गजक निर्माता कंपनी वैश्य इंटरप्राइजेज के इनवॉइस पर अनिवार्य एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर अंकित नहीं मिला। इसके अलावा गजक के पैकेट पर बैच नंबर सहित आवश्यक लेबल संबंधी नियमों का पालन नहीं किया गया था। इस पर कंपनी को नोटिस जारी किया गया।

एक दूध वाहन संचालक द्वारा मौके पर खाद्य लाइसेंस प्रस्तुत नहीं करने पर भी नोटिस दिया गया। वहीं, दो वाहनों में तापमान नियंत्रण की उचित व्यवस्था के बिना दूध की बिक्री किए जाने पर विभाग ने कार्रवाई की।

रिलायंस डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर में मिली खामियां

सिडकुल स्थित रिलायंस स्टोर्स के डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर के निरीक्षण के दौरान पेड़ा मिठाई के दो नमूने लिए गए। जांच में चिलर पैड गंदे मिले और सामान रखने वाले बॉक्स के ऊपर तथा अंदर धूल जमा पाई गई।

इसके अलावा सफाई एवं सैनिटाइजेशन में इस्तेमाल होने वाले कीटनाशक और अन्य रसायन, एक्सपायरी के करीब वाले उत्पादों के क्षेत्र तथा स्वीकृत उत्पादों के भंडारण क्षेत्र के बीच रखे पाए गए। सामान की आवाजाही करने वाले वाहनों की सफाई से संबंधित रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं मिले।

इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर को सुधार के लिए इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई।

नारसन चेक पोस्ट पर बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की जांच

खाद्य सुरक्षा विभाग की दूसरी टीम ने पुलिस के सहयोग से नारसन पुलिस चेक पोस्ट पर उत्तराखंड में प्रवेश करने वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों से भरे वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान दूध, पनीर, मावा और मावा बर्फी सहित चार खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए एकत्र किए गए।

वहीं, हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र में मिठाई विक्रेताओं और मिठाई निर्माण करने वाले कारखानों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान मिठाइयों एवं बेकरी उत्पादों पर निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि प्रदर्शित करने संबंधी नियमों की जांच की गई। एक मिठाई निर्माण कारखाने से पेड़े का एक नमूना भी लिया गया।

दीपावली तक जारी रहेगा अभियान

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, जिले में चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत कुल 13 खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा से संबंधित आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि दीपावली पर्व के दौरान मिलावट पर अंकुश लगाने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन कराने के लिए निरीक्षण एवं नमूना संग्रह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!