October 26, 2026

लंढौरा रंगमहल में चैंपियन का शक्ति प्रदर्शन, 2027 में दो विधानसभा सीटों पर ठोकेंगे ताल! खानपुर के बाद अब सीटों से चुनाव लड़ने की घोषणा

(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)

लंढौरा/हरिद्वार। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच खानपुर से भाजपा के निवर्तमान विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने अपने लंढौरा स्थित ऐतिहासिक रंगमहल में आयोजित कार्यकर्ता बैठक के दौरान बड़ा राजनीतिक ऐलान किया। समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ से उत्साहित चैंपियन ने घोषणा की कि वह वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में खानपुर और लक्सर, दोनों सीटों पर मजबूती के साथ अपनी दावेदारी पेश करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ने के लिए भारतीय जनता पार्टी से टिकट मांगा जाएगा।

रंगमहल में आयोजित इस बैठक में खादर, खोला, बांगर और नगर क्षेत्र सहित विभिन्न गांवों से कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। बैठक में क्षेत्र के विकास, आपसी भाईचारे, सामाजिक एकजुटता और महिला शक्ति को आगे बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। चैंपियन ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

20 साल पीछे चला गया क्षेत्र: चैंपियन

कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान खानपुर विधानसभा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर विकास कार्य कराए गए। उन्होंने दिवंगत मुख्यमंत्री एनडी तिवारी को याद करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से दल्लावाला कन्या डिग्री कॉलेज को मंजूरी मिली थी, जिसका लाभ आज भी आसपास के कई गांवों की छात्राओं को मिल रहा है।

चैंपियन ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में क्षेत्र विकास के मामले में पिछड़ गया है। उनके अनुसार, लोगों को विकास के बजाय झूठे वादों और अपमान का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि पहले विभिन्न समुदायों के लोग आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ रहते थे, लेकिन अब सामाजिक दूरी बढ़ाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने सभी समाजों को साथ लेकर चलने और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए काम करने की बात कही।

लक्सर में भी सक्रियता बढ़ाने का दावा

चैंपियन ने कहा कि वह लगभग 25 वर्षों तक लक्सर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और वहां बुनियादी विकास कार्य कराए हैं। उन्होंने दावा किया कि लक्सर के विभिन्न समाजों के लोग उनसे क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की उम्मीद कर रहे हैं। इसी आधार पर उन्होंने अब दोनों विधानसभा क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्णय लिया है।

उन्होंने सैनी, चौहान, गुर्जर, धीमान, अनुसूचित जाति और मुस्लिम समाज सहित विभिन्न समुदायों का उल्लेख करते हुए कहा कि लोग उनसे अपनी समस्याओं के समाधान की अपेक्षा कर रहे हैं।

टिकट पर अंतिम फैसला भाजपा का होगा

दोनों सीटों से चुनाव लड़ने की घोषणा के साथ ही चैंपियन ने स्पष्ट किया कि टिकट देने का अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि वह भाजपा में हैं और पार्टी से ही दोनों सीटों के लिए टिकट मांगेंगे। उन्होंने अपने पुराने राजनीतिक अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि पहले भी उन्हें दो सीटों से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव मिला था।

हालांकि, दोनों सीटों पर टिकट मिलने की उनकी दावेदारी के बीच भाजपा नेतृत्व का अंतिम निर्णय अभी सामने नहीं आया है।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य कुँवरानी देवयानी ने भी पेश की दावेदारी

बैठक के दौरान रानी देवयानी ने भी चुनावी तैयारियों को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं से भविष्य की योजनाओं, चुनावी रणनीति और प्रचार के तरीकों पर सुझाव लेने के लिए बैठक आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा कि चुनाव का आगाज कर दिया गया है और कार्यकर्ता इसे अंतिम परिणाम तक पहुंचाने के लिए काम करेंगे।

जब उनसे पूछा गया कि क्या वह भाजपा से दोनों विधानसभा सीटों के लिए टिकट मांगेंगी, तो उन्होंने कहा कि वह टिकट मांग रही हैं और पार्टी का निर्णय आगे सामने आएगा।

तीन महीने में परिणाम सामने आने का दावा

रानी देवयानी ने कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर भरोसा जताते हुए कहा कि आने वाले समय में चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाया जाएगा और तीन महीने के भीतर परिणाम सामने आने की बात कही।

लंढौरा के रंगमहल में आयोजित इस बैठक के बाद खानपुर और लक्सर की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अब सबकी नजर भाजपा नेतृत्व के फैसले पर रहेगी कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी इन दोनों सीटों पर किसे अपना प्रत्याशी बनाती है।

बैठक में ढडेरा नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश नेगी, खानपुर मंडल अध्यक्ष भगत सिंह, राव फुरकान, प्रधान प्रेम गिरी, डॉ. रणवीर सिंह, रामकुमार, तेजपाल सिंह, मयंक चौधरी, ममता भटनागर, चौधरी नकली सिंह, कुंदन विजय सिंह, अजब सिंह, सरदार अरविंदर सिंह, रिशपाल हैसन, सुरेश चौहान, समन सलेतला, रेखा नेगी, किरण सिंह और नीतू सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!