सिडकुल में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, दो प्रतिष्ठानों से कुट्टू के आटे के नमूने लिए,दो कारोबारियों पर कार्यवाही की तैयारी
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
हरिद्वार, 13 अक्टूबर 2026। हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए छापेमारी की। इस दौरान विभागीय टीम ने महादेवपुरम और शिवम विहार कॉलोनी, काला गेट स्थित दो प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान खुले में रखकर बेचे जा रहे कुट्टू के आटे के नमूने लिए गए। साथ ही, निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं होने के कारण कुल 13 किलो कुट्टू का आटा मौके पर ही नष्ट कराया गया। विभाग अब संबंधित दोनों कारोबारियों के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर करने की तैयारी कर रहा है।
गुप्त सूचना पर पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम
आयुक्त खाद्य सुरक्षा उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई। सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने टीम के साथ सिडकुल क्षेत्र में निरीक्षण अभियान चलाया। टीम ने महादेवपुरम और शिवम विहार कॉलोनी, काला गेट क्षेत्र में खाद्य कारोबारियों, थोक विक्रेताओं और सप्लाई वाहनों की जांच की।
शैलेष प्रोविजन स्टोर में मिली अनियमितता
निरीक्षण के दौरान महादेवपुरम स्थित शैलेष प्रोविजन स्टोर में खुला कुट्टू का आटा बिक्री के लिए संग्रहित मिला। जांच में आटे के बैग पर निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं पाई गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से कुट्टू के आटे का एक नमूना लेकर जांच के लिए सुरक्षित किया। इसके बाद शेष पांच किलो आटे को नष्ट करा दिया गया। विभाग ने इस मामले को खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन से जुड़ा गंभीर विषय माना है।
ई-रिक्शा से सप्लाई करते पकड़ा गया खुला आटा
कार्रवाई के दौरान महादेवपुरम क्षेत्र में ई-रिक्शा चालक हर्षित अवस्थी को प्लास्टिक बैग में रखकर 10 किलो खुला कुट्टू का आटा सप्लाई करते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में चालक ने बताया कि ई-रिक्शा के मालिक और कुट्टू आटे के सप्लायर शिवम विहार कॉलोनी, काला गेट, सिडकुल स्थित महादेव ट्रेडर्स के मालिक पंकज कुमार पुत्र रोहिताश हैं।
इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम चालक को साथ लेकर महादेव ट्रेडर्स पहुंची और प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। यहां से भी कुट्टू के आटे का एक नमूना लिया गया। इसके बाद मौके पर शेष आठ किलो खुले आटे को गड्ढे में दबाकर नष्ट करा दिया गया।
दो कारोबारियों के खिलाफ न्यायालय में कार्रवाई की तैयारी
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 13 किलो कुट्टू का आटा नष्ट कराया गया और जांच के लिए दो नमूने लिए गए। बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करने तथा निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि अंकित किए बिना खुले कुट्टू के आटे की बिक्री के मामले में शैलेष प्रोविजन स्टोर के मालिक शैलेष कुमार पुत्र राम ईश्वर और महादेव ट्रेडर्स के मालिक पंकज कुमार के विरुद्ध न्यायालय में वाद दायर कराने की तैयारी की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण और बिक्री से संबंधित नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना और बाजार में नियमों के अनुरूप खाद्य कारोबार सुनिश्चित करना है। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों से निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।
