हरिद्वार जिले में त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव-2026 का बिगुल, 17 रिक्त पदों पर होगा चुनाव
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
हरिद्वार, 26 सितंबर 2026। हरिद्वार जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत उपनिर्वाचन-2026 को लेकर निर्वाचन कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड की अधिसूचना के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिले में रिक्त पंचायत पदों पर उपनिर्वाचन का कार्यक्रम जारी किया है। इस उपचुनाव में जिले के विभिन्न विकासखंडों में कुल 17 रिक्त पदों के लिए निर्वाचन कराया जाएगा।
जारी कार्यक्रम के अनुसार इनमें 14 सदस्य ग्राम पंचायत तथा 3 ग्राम प्रधान के पद शामिल हैं। ये पद मृत्यु, त्यागपत्र, नामांकन न होने, न्यायालय के आदेश सहित विभिन्न कारणों से रिक्त हुए हैं। चुनाव प्रक्रिया निर्धारित नियमों और उत्तराखंड पंचायती राज अधिनियम, 2016 के प्रावधानों के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।
30 सितंबर और 1 अक्टूबर को नामांकन
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 30 सितंबर और 1 अक्टूबर 2026 को होगी। अभ्यर्थी दोनों दिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित स्थान पर अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे।
इसके बाद 3 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से नाम निर्देशन पत्रों की जांच की जाएगी। नाम वापसी के लिए 4 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। वहीं 5 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
12 अक्टूबर को होगा मतदान
जिले में रिक्त पंचायत पदों के लिए 12 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। मतदान का समय सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके बाद 14 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे।
इन पांच विकासखंडों में होंगे उपचुनाव
हरिद्वार जनपद के पांच विकासखंडों में रिक्त पदों पर उपनिर्वाचन कराया जाएगा। बहादराबाद विकासखंड में ग्राम पंचायत सदस्य के 2 पद, जबकि रुड़की विकासखंड में ग्राम पंचायत सदस्य का 1 पद रिक्त है।
इसी तरह भगवानपुर विकासखंड में ग्राम पंचायत सदस्य के 5 और ग्राम प्रधान का 1 पद, नारसन विकासखंड में ग्राम पंचायत सदस्य के 3 पद तथा लक्सर विकासखंड में ग्राम पंचायत सदस्य के 3 और ग्राम प्रधान के 2 पद रिक्त हैं।
अधिकारियों को समयबद्ध व्यवस्था के निर्देश
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित उप जिला निर्वाचन अधिकारियों, रिटर्निंग अधिकारियों और विकासखंड अधिकारियों को निर्वाचन कार्यक्रम का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नामांकन से लेकर मतदान और मतगणना तक सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने को कहा गया है।
पंचायत उपचुनाव की घोषणा के साथ ही संबंधित विकासखंडों में चुनावी गतिविधियां तेज होने की संभावना है। रिक्त पदों के लिए इच्छुक प्रत्याशियों द्वारा नामांकन प्रक्रिया की तैयारियां शुरू की जा रही हैं। प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से चुनाव संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
