August 30, 2026

कैलाश अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत से हड़कंप, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप स्वास्थ्य विभाग पर उठे सवाल

(ब्योरो दिलशाद खान । KNEWS 18)

रुड़की।ईदगाह चौक स्थित कैलाश नर्सिंग होम पर जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आज़ाद अली ने गंभीर आरोप लगाए है उन्होंने कहा डॉक्टर को भगवान का दर्जा दिया जाता है लेकिन जब इलाज में लापरवाही के आरोप लगें तो गंभीर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। रुड़की के काशीपुरी स्थित कैलाश नर्सिंग होम में एक गर्भवती महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को शांत कराया।

जानकारी के अनुसार भगवानपुर क्षेत्र के बालेकी गांव निवासी एक महिला करीब 4 साल बाद गर्भवती हुई थी।परिजनों में खुशी का माहौल था परिजनों ने उसे प्रसव के लिए काशीपुरी स्थित कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया था। आरोप है कि उपचार के दौरान महिला की हालत बिगड़ती चली गई। स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने परिजनों को मरीज को दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी। हालांकि, इस दौरान महिला और बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सकीय लापरवाही के कारण उन्हें अपना बच्चा और महिला दोनों खोने पड़े। आरोप है कि नर्सिंग होम संचालक ने इतनी बड़ी घटना को रातों रात दबा दिया ।

घटना के बाद अब स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी तेज है कि यदि अस्पताल के संचालन और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी होती है तो ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति कैसे हो रही है।

पहले भी विवादों में रहा है कैलाश नर्सिंग होम

नई बिल्डिंग में दोबारा अस्पताल संचालित किया गया । स्वास्थ्य विभाग के निरीक्षण के दौरान कथित तौर पर बिना लाइसेंस संचालन पाए जाने पर अस्पताल की ऑपरेशन थिएटर (ओटी) को भी सील किया गया था। कुछ माह पहले मरीज को लेकर अस्पताल के बाहर दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की घटना भी सामने आने की बात कही जा रही है।

आजाद अली ने उठाए स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल

जन अधिकार पार्टी (ज) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली ने घटना पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि कैलाश नर्सिंग अस्पताल को लेकर पहले भी शिकायतें और विवाद सामने आते रहे हैं। उन्होंने कहा कि जच्चा-बच्चा की मौत की घटना बेहद गंभीर है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

आजाद अली ने आरोप लगाया कि रुड़की और आसपास कई ऐसे अस्पताल संचालित हो रहे हैं, जहां निर्धारित मानकों और योग्य चिकित्सकों को लेकर सवाल हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी जल्द ही झोलाछाप और नियमों के विपरीत संचालित अस्पतालों के खिलाफ अभियान शुरू करेगी।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कोई अस्पताल निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित हो रहा है तो संबंधित विभाग को इसकी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने विभागीय स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत की आशंका जताते हुए कहा कि यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही अथवा संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की जाएगी।

आजाद अली ने कहा कि जन अधिकार पार्टी की ओर से सोमवार या मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग को ज्ञापन दिया जाएगा। इसमें रुड़की और आसपास संचालित अस्पतालों की जांच, मानकों का सत्यापन तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी।

फिलहाल जच्चा-बच्चा की मौत के मामले में वास्तविक कारण क्या रहा और चिकित्सकीय स्तर पर कोई लापरवाही हुई या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और अस्पताल के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है ।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!