सोशल मीडिया अफवाहों से सावधान रहें, वेतन वृद्धि को लेकर कोई नया आदेश जारी नहीं: सहायक श्रम आयुक्त प्रशान्त कुमार
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
हरिद्वार, 16 मई 2026। जनपद हरिद्वार में श्रमिकों के वेतन बढ़ाए जाने को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबरों और कथित आदेशों के बीच सहायक श्रम आयुक्त प्रशान्त कुमार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए सभी श्रमिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में केंद्र सरकार द्वारा न्यूनतम वेतन वृद्धि को लेकर कोई नया आदेश जारी नहीं किया गया है और सोशल मीडिया पर प्रसारित कई पोस्ट व फोटो भ्रामक हैं।
सहायक श्रम आयुक्त प्रशान्त कुमार ने बताया कि वर्तमान में नॉन इंजीनियरिंग उद्योगों, जैसे फार्मा कंपनियों और फूड कंपनियों में कार्यरत अकुशल श्रमिकों का कुल वेतन 13,018 रुपये निर्धारित है। इसमें ईपीएफ और ईएसआई की कटौती के बाद श्रमिकों को लगभग 11,358 रुपये प्राप्त होते हैं। वहीं इंजीनियरिंग उद्योगों, जैसे बाइक निर्माण और वाहन निर्माता कंपनियों में कार्यरत श्रमिकों का वेतन लगभग 13,800 रुपये है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा एआई तकनीक का इस्तेमाल कर फर्जी फोटो और झूठे आदेश सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे हैं, जिससे श्रमिकों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। कई श्रमिक यह समझ रहे हैं कि केंद्र सरकार ने वेतन बढ़ा दिया है, जबकि वास्तविकता यह है कि अभी तक ऐसा कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में केंद्र सरकार द्वारा वेतन वृद्धि का कोई आदेश जारी किया जाता है और राज्य सरकार उसे लागू करती है, तो श्रम विभाग तत्काल संबंधित कंपनियों में उसका पालन सुनिश्चित कराएगा।
प्रशान्त कुमार ने सभी श्रमिक भाइयों और बहनों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार के बहकावे या अफवाह में न आएं और केवल अधिकृत सरकारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी श्रमिक को वेतन, ओवरटाइम, बोनस, एरियर या किसी अन्य प्रकार की समस्या है, तो वह रोशनाबाद स्थित उप श्रम आयुक्त कार्यालय हरिद्वार में लिखित अथवा मौखिक रूप से शिकायत दर्ज करा सकता है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि श्रमिक प्रतिनिधियों के माध्यम से शिकायतें दर्ज कराने की व्यवस्था की गई है। किसी भी समस्या के समाधान के लिए केवल पांच श्रमिक प्रतिनिधियों को कार्यालय में उपस्थित होकर अपनी बात रखने की अनुमति होगी, ताकि शांति और अनुशासन बना रहे। श्रम विभाग सभी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेकर उनका समाधान कर रहा है।
सहायक श्रम आयुक्त ने बताया कि हाल ही में कई श्रमिक अपनी समस्याओं को लेकर श्रम आयुक्त कार्यालय पहुंचे थे, जिनकी शिकायतों का समाधान कर दिया गया है। विभाग की पहल के बाद अधिकांश श्रमिक अपने कार्यस्थलों पर वापस लौट गए हैं और स्थिति सामान्य बनी हुई है।
उन्होंने जनपद के सभी श्रमिकों से क्षेत्र में शांति बनाए रखने और अपने-अपने प्रतिष्ठानों में शांतिपूर्वक कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अफवाहें केवल भ्रम और अस्थिरता पैदा करती हैं, इसलिए किसी भी जानकारी की पुष्टि किए बिना उसे आगे साझा न करें। श्रम विभाग श्रमिकों के हितों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
