रुड़की के माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल ने रचा इतिहास,बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर शहर व स्कूल का नाम किया रोशन

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। हरिद्वार रोड स्थित माउंट लिट्रा ज़ी School में सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में खुशी, उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शानदार अंक हासिल किए और स्कूल के साथ-साथ शहर का नाम भी रोशन किया। परीक्षा परिणाम सामने आने के बाद छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों में खासा उत्साह दिखाई दिया।


विद्यालय पहुंचे अभिभावकों ने छात्रों की इस सफलता का श्रेय विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की मेहनत को दिया। वहीं छात्र-छात्राओं ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को देते हुए कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।
विद्यालय की छात्रा शगुन चौधरी ने 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। शगुन चौधरी ने अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उनकी इस उपलब्धि के पीछे उनके माता-पिता, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन का बड़ा योगदान है। उन्होंने बताया कि नियमित पढ़ाई और सकारात्मक सोच के साथ उन्होंने परीक्षा की तैयारी की थी। उन्होंने कहा कि अच्छे अंक प्राप्त कर उन्हें बेहद खुशी हो रही है और भविष्य में भी वह मेहनत के साथ अपने सपनों को पूरा करने का प्रयास करेंगी।
विद्यालय की छात्रा माही मदान ने 94.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की। माही ने बताया कि वह प्रतिदिन 2 से 3 घंटे नियमित रूप से पढ़ाई करती थीं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। माही ने कहा कि उनका सपना भविष्य में न्यूज़ एंकर बनने का है और वह आगे भी मेहनत करते हुए अपने लक्ष्य को हासिल करेंगी।
इसके अलावा विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। न्यासा करचवाल ने 97.8 प्रतिशत, इपशिका चंदेल ने 97.2 प्रतिशत, संस्क्रुति पटनायक ने 96 प्रतिशत, ख्याति ने 95.8 प्रतिशत, आर्यन चौधरी ने 94 प्रतिशत, यहवी गर्ग ने 93.2 प्रतिशत, अनुग्रह निगम ने 92.8 प्रतिशत, अथर्वा ने 91.4 प्रतिशत, आकृति शर्मा ने 91.2 प्रतिशत, ज्योति कुमारी ने 91 प्रतिशत, रुपाली कुमारी ने 90.8 प्रतिशत, सक्षम गुप्ता ने 89.8 प्रतिशत तथा राधिका बंसल ने 89 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश देवरानी ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी के भविष्य को उज्ज्वल बनाना है। उन्होंने कहा कि छात्रों की सफलता में विद्यालय के शिक्षकों, शिक्षिकाओं एवं प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने विशेष रूप से टॉपर छात्रा शगुन चौधरी की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरे विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को भविष्य में भी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं शिक्षणोत्तर कर्मचारियों के उत्कृष्ट योगदान की सराहना की। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल रहा और सभी अध्यापकों ने छात्रों को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!