कांग्रेस के दुष्प्रचार के खिलाफ भाजपा जिला रुड़की की प्रेस वार्ता, तथ्यात्मक जांच का हवाला देकर विपक्ष पर साधा निशाना

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। भारतीय जनता पार्टी जिला रुड़की द्वारा रविवार को आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता में कांग्रेस पर हाल के संवेदनशील प्रकरण को लेकर भ्रामक प्रचार फैलाने, जनता को गुमराह करने और राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से जनभावनाओं को भड़काने का आरोप लगाया गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस बिना तथ्यों की पुष्टि किए लगातार भ्रम फैलाने का कार्य कर रही है, जबकि पुलिस जांच में कई महत्वपूर्ण और तथ्यात्मक जानकारियां सामने आ चुकी हैं।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, रुड़की की मेयर अनीता देवी अग्रवाल, राज्य मंत्री विनोद उनियाल तथा भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष नीलकमल शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड पुलिस द्वारा संबंधित मामले में वैज्ञानिक, तकनीकी और निष्पक्ष जांच की गई है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आए तथ्य कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों से पूरी तरह अलग हैं। डॉ. सिंह ने कहा कि संवेदनशील मामलों को राजनीतिक रंग देना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि इससे समाज में अनावश्यक तनाव भी उत्पन्न होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी प्रकार के दुष्प्रचार का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी और जनता के सामने सत्य तथ्यों को रखती रहेगी।
रुड़की की मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए “जीरो टॉलरेंस” नीति पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, लेकिन बिना प्रमाण और तथ्यों के समाज में भ्रम फैलाना भी गंभीर चिंता का विषय है।
राज्य मंत्री विनोद उनियाल ने कहा कि पुलिस जांच में तकनीकी और फोरेंसिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज तथा चिकित्सकीय परीक्षणों के आधार पर कई अहम तथ्य सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय निष्पक्ष जांच और प्रमाणों पर भरोसा किया जाना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष केवल राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से जनता के बीच भ्रम और असंतोष फैलाने का प्रयास कर रहा है।
भाजपा नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि जनता को सोशल मीडिया और राजनीतिक मंचों पर फैलाए जा रहे अपुष्ट दावों से सावधान रहने की आवश्यकता है। उन्होंने मीडिया से भी जिम्मेदार और तथ्यपरक रिपोर्टिंग करने की अपील की।
प्रेस वार्ता के अंत में भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष नीलकमल शर्मा ने कहा कि भाजपा महिलाओं की सुरक्षा, निष्पक्ष न्याय व्यवस्था और कानून के शासन के पक्ष में मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता तक सही जानकारी पहुंचाने का कार्य निरंतर करती रहेगी।
इस अवसर पर सावित्री मंगला, प्रवेश प्रिया, बृज मोहन सैनी, संजय अरोड़ा, सौरभ गुप्ता, सचिन झबरेड़ी, पंकज नंदा, अंकित गौतम, मंजू रावत, वीरमती यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!