September 23, 2026

रुड़की के नेहरू स्टेडियम का होगा कायाकल्प, ₹2.28 करोड़ की खेल परियोजना का भूमि पूजन

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। रुड़की शहर के खेल प्रेमियों और युवाओं के लिए एक बड़ी सौगात सामने आई है। कैबिनेट मंत्री एवं रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा के निरंतर प्रयासों से नेहरू स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत 2.28 करोड़ रुपये की लागत से नेहरू स्टेडियम को मॉडर्न स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इसी परियोजना के तहत शनिवार को स्टेडियम परिसर में विधि-विधान के साथ भूमि पूजन एवं हवन कार्यक्रम आयोजित किया गया।


भूमि पूजन कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच संपन्न हुआ, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। लोगों ने इसे रुड़की के खेल इतिहास में एक नई शुरुआत बताया।
गौरतलब है कि कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा लंबे समय से नेहरू स्टेडियम के विकास को लेकर गंभीर प्रयास कर रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस परियोजना की घोषणा करवाने के साथ-साथ विधानसभा में भी इस मुद्दे को मजबूती से उठाया। उनकी सक्रिय पहल और लगातार पैरवी का ही परिणाम है कि अब यह महत्वाकांक्षी परियोजना धरातल पर उतरती दिखाई दे रही है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि रुड़की में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन लंबे समय से खिलाड़ियों को पर्याप्त संसाधन और आधुनिक सुविधाएं नहीं मिल पा रही थीं। उन्होंने कहा कि अब किसी भी खिलाड़ी को सुविधाओं के अभाव में पीछे नहीं रहने दिया जाएगा। नेहरू स्टेडियम को अत्याधुनिक खेल सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह मॉडर्न स्पोर्ट्स हब रुड़की के युवाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। यहां खिलाड़ियों को आधुनिक ट्रेनिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। साथ ही यह परियोजना युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
स्थानीय नागरिकों और खेल प्रेमियों ने इस परियोजना के लिए कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा का आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद रुड़की को ऐसी बड़ी खेल परियोजना मिली है, जो आने वाले वर्षों में शहर की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि आधुनिक सुविधाओं से लैस यह स्पोर्ट्स हब खिलाड़ियों के लिए किसी वरदान से कम साबित नहीं होगा।
नेहरू स्टेडियम के इस कायाकल्प को रुड़की के विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!