रुड़की में यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों का भव्य स्वागत, युवाओं को बताया पार्टी का भविष्य युवाओं ने पार्टी को मजबूत करने का लिया संकल्प

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष के कैंप कार्यालय पर यूथ कांग्रेस के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों के सम्मान में एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने युवाओं को पार्टी की रीढ़ बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। पूरे समारोह के दौरान उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का आयोजन महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी के कैंप कार्यालय पर किया गया, जहां यूथ कांग्रेस रुड़की महानगर के अध्यक्ष ओवेश अंसारी सहित कई नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष ग्रामीण आशीष चौधरी, जिला उपाध्यक्ष रुड़की उज्ज्वल पंडित, शौर्य प्रताप, विधानसभा अध्यक्ष कलियर मुंतजिर, दानिश मुखिया झबरेड़ा, अनस नगर अध्यक्ष झबरेड़ा, सैफ अली भगवानपुर जिला महामंत्री, परवेज आलम, हार्दिक त्यागी और नगर अध्यक्ष शोएब मलिक सहित अन्य कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने कहा कि किसी भी देश और संगठन का भविष्य उसके युवा होते हैं। उन्होंने कहा कि जब युवा पूरी मेहनत और लगन के साथ कार्य करते हैं, तो संगठन की मजबूती और छवि दोनों ही मजबूत होती हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे कांग्रेस पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अपनी भूमिका निभाएं।
वहीं वरिष्ठ नेता सचिन गुप्ता ने यूथ कांग्रेस चुनाव में विजयी हुए युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह जीत उनके परिश्रम, समर्पण और कर्मठता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में हासिल की गई यह सफलता युवाओं की प्रतिबद्धता और जुझारूपन को दर्शाती है, जो भविष्य में पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।
कार्यक्रम में क़ाज़ी सादात मसूद ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “जिस ओर जवानी चलती है, उस ओर जमाना चलता है।” उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे दिन-रात पार्टी के लिए समर्पित होकर कार्य करें और आगामी चुनावों में पार्टी प्रत्याशियों को मजबूती प्रदान करें। उनका यह संदेश कार्यक्रम में मौजूद युवाओं के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ।
इस मौके पर युवा पदाधिकारियों ने भी पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए वे पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेंगे और युवाओं की टीम को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। साथ ही उन्होंने नए कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों, संस्कृति और समाजसेवा के उद्देश्यों से जोड़ने का भी भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम का संचालन इंजीनियर वैभव सैनी ने किया। इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री राव शेर मोहम्मद, पूर्व मेयर गौरव गोयल, श्रीमती उदय जैन, रिजवान अहमद, कलीम खान, सुभाष सैनी, हरविंदर सिंह, संजय गुड्डू, मोहित त्यागी, अश्विनी छाबड़ा और सुशील कश्यप सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समारोह के अंत में युवाओं के जोश और उत्साह ने यह स्पष्ट कर दिया कि आने वाले समय में संगठन को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका निर्णायक रहने वाली है।









