डिवाइन स्कूल में पाठ्य सामग्री वितरण कार्यक्रम, पूर्व मेयर गौरव गोयल ने बांटे बैग व किताबें

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। शहर के डिवाइन स्कूल में सत्र 2026-27 के लिए छात्र-छात्राओं को पाठ्य सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन बड़े उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व मेयर गौरव गोयल ने बच्चों को स्कूल बैग, किताबें और अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
अपने संबोधन में गौरव गोयल ने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है और प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि बेटा-बेटी में कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए, क्योंकि दोनों ही समाज और देश के भविष्य के निर्माण में समान भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार भी दें, जिससे वे एक जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों का होना भी उतना ही आवश्यक है। यदि बच्चों को सही दिशा और मार्गदर्शन मिले, तो वे जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने बच्चों को पूरे मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्रबंधक सुधीर कुमार और अमित राजपूत ने जानकारी देते हुए बताया कि डिवाइन स्कूल हर वर्ष इस तरह का कार्यक्रम आयोजित करता है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को पढ़ाई में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी प्रत्येक छात्र-छात्रा को स्कूल बैग, किताबें, कॉपियां, स्टेशनरी, वाटर बॉटल और टिफिन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे वे पूरे सत्र में बिना किसी बाधा के अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस मौके पर अशोक वर्मा, सुजाता आहूजा, श्रीमती चंचल वाधवा, श्रीमती सुधांशु बाला और श्रीमती तनुश्री सिंघल ने भी बच्चों को पाठ्य सामग्री वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इसके अलावा विद्यालय की प्रधानाचार्य संगीता गोयल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हैं। उन्होंने शिक्षिकाओं और स्टाफ के सहयोग की भी सराहना की।
कार्यक्रम में शिक्षिकाएं रेखा शर्मा, मीनू भेटवाल, राखी, शीतल, बबीता और श्वेता सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे। अंत में सभी अतिथियों ने बच्चों को नए सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






