गंगनहर में बहा आईआईटी रुड़की का छात्र, पैर फिसलने से हादसा; रातभर चला सर्च ऑपरेशन

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। नगर निगम गंगनहर पुल के पास बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। आईआईटी रुड़की का एक छात्र पैर फिसलने से गंगनहर के तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते छात्र पानी में डूबकर लापता हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और छात्र की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया, जो देर रात तक जारी रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आईआईटी रुड़की के एमबीए के छात्र आशीष शुक्ला, निवासी बनारस (वाराणसी), अपने दोस्तों के साथ सोलानी पार्क घूमने आए थे। बताया जा रहा है कि जब वे नगर निगम गंगनहर पुल के समीप खड़े थे, तभी अचानक आशीष का पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने से वह सीधे गंगनहर में जा गिरा। उस समय नहर में पानी का बहाव तेज था, जिससे वह कुछ ही क्षणों में बहाव की चपेट में आ गया।
मौके पर मौजूद उसके दोस्तों और अन्य लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा के कारण कोई सफलता नहीं मिल सकी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छात्र कुछ क्षण तक पानी में संघर्ष करता दिखाई दिया, फिर वह आंखों से ओझल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने शोर मचाया, जिससे क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली सिविल लाइंस पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की जानकारी ली और तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। आईआईटी का मामला होने के कारण प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय हो गया। ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट रुड़की स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों द्वारा पल-पल की अपडेट ली जाती रही।
रात होने के बावजूद छात्र की तलाश जारी रखी गई। पुलिस और संबंधित टीमें गंगनहर के किनारों पर सर्च अभियान चलाती रहीं, लेकिन छात्र का कोई सुराग नहीं लग पाया। प्रशासन ने आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ा दी है।
घटना के बाद नगर निगम पुल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगनहर और अन्य जल स्रोतों के किनारे विशेष सावधानी बरतें। नहर के पास फिसलन और तेज बहाव के चलते जरा सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। वहीं, आईआईटी प्रशासन और छात्र के परिजन को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पूरे शहर में इस घटना को लेकर चिंता और शोक का माहौल है।






