नवगठित भाजपा जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी ने किया स्वागत
(ब्योरो- दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। भारतीय जनता पार्टी के संगठन को मजबूत करने और नए जोश के साथ कार्य करने के उद्देश्य से नवगठित भाजपा जिला कार्यकारिणी का स्वागत समारोह राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी के कैंप कार्यालय पर आयोजित किया गया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी ने भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह सहित सभी नवगठित पदाधिकारियों का स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए श्यामवीर सैनी ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनता के हित में लगातार कार्य कर रही है। हाल ही में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए माननीय प्रधानमंत्री द्वारा घोषित राहत पैकेज से प्रदेश के हजारों लोगों को सीधी मदद मिलेगी और उनके जीवन में स्थिरता आएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा की नई कार्यकारिणी जनता के बीच पार्टी की योजनाओं और नीतियों को और अधिक मजबूती से पहुँचाने का काम करेगी।इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता संजय अरोड़ा ने भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा एक विचारधारा पर आधारित पार्टी है, और इसके प्रत्येक कार्यकर्ता का लक्ष्य जनता की सेवा करना है। संजय अरोड़ा ने केंद्र सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि हाल ही में सरकार ने जीएसटी का भार कम करके आम जनता को बड़ी राहत दी है। इससे व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों को फायदा मिलेगा।बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए संजय अरोड़ा ने भी प्रधानमंत्री के पैकेज को सराहनीय कदम बताया और कहा कि इससे आपदा पीड़ितों को शीघ्र राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार हर स्थिति में जनता के साथ खड़ी है।पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल में जब 2027 विधानसभा चुनाव में टिकट की संभावना को लेकर उनसे प्रश्न किया गया तो संजय अरोड़ा ने स्पष्ट कहा कि वे शुरू से ही भाजपा के सिपाही रहे हैं और पार्टी के लिए लगातार काम करते आए हैं। उनका मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और जनता की सेवा करना है। चुनाव में टिकट का फैसला पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व द्वारा किया जाता है और वे पार्टी के आदेश का पालन करेंगे।कार्यक्रम में भाजपा के अनेक कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की ताकत विश्व पटल पर लगातार बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार की विदेश नीति के कारण आज भारत की आवाज़ अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मजबूती से गूँज रही है। अक्षय प्रताप ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान, डिजिटल इंडिया, और आर्थिक सुधारों जैसी नीतियों ने देश को नई दिशा दी है। साथ ही वैश्विक स्तर पर भारत की छवि सशक्त राष्ट्र के रूप में उभर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण और ऊर्जा से भरा रहा।इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।



