November 14, 2026

श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल में वार्षिक खेल सप्ताह महोत्सव का भव्य शुभारंभ, नन्हे खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)

रुड़की, 13 नवंबर 2026।

देहरादून रोड स्थित श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, रुड़की में शुक्रवार को वार्षिक खेल सप्ताह महोत्सव का उत्साहपूर्ण वातावरण में भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा के साथ खेलों को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

मुख्य अतिथियों ने मशाल प्रज्वलित कर किया शुभारंभ

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी रुड़की अनिल कोहली, भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय टेस्ट सीरीज शूटिंग बॉल 2026 में भारतीय टीम के उपकप्तान सूरज रोर, पीएनबी रामपुर शाखा के प्रबंधक सुधीर पाल, पीएनबी के अनूप सिंह सैनी तथा समाजसेवी आदिल फरीदी उपस्थित रहे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके बाद अतिथियों ने खेल मशाल प्रज्वलित कर वार्षिक खेल प्रतियोगिताओं का विधिवत शुभारंभ किया।

खेलों के साथ मोबाइल के दुष्प्रभावों से भी किया जागरूक

अंतरराष्ट्रीय शूटिंग बॉल खिलाड़ी सूरज रोर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों को नियमित खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए बच्चों को मैदान में अधिक समय बिताने की सलाह दी।

अन्य अतिथियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

प्रधानाचार्य ने दिया स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने का संदेश

विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार शर्मा ने महान विचारक स्वामी विवेकानंद के जीवन का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। खेलों से आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और अनुशासन विकसित होता है।

नर्सरी से पांचवीं तक के विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

वार्षिक खेल प्रतियोगिता में नर्सरी से कक्षा पांचवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में आरजू, मोहम्मद साहिल, सीदरा, योगेंद्र, अब्दुल समद, राफिया, अभिनव, महक, आरुषि, विहान, उमेर, आस्था, गुरप्रीत और आरिश ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

प्रतियोगिताओं के दौरान बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। विद्यार्थियों ने खेल भावना और अनुशासन का परिचय देते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विजेता विद्यार्थियों को मिली प्रोत्साहन राशि, अतिथियों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर तथा प्राकृतिक पौधों के गुलदस्ते भेंट कर सम्मानित किया।

वहीं समाजसेवी आदिल फरीदी ने विजेता विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने बच्चों को भविष्य में भी खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।

वार्षिक खेल सप्ताह महोत्सव का शुभारंभ उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। विद्यालय प्रशासन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

Oplus_16908288

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!