भगवानपुर में क्रिकेट टूर्नामेंट में पहुंचे जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली, बोले– युवाओं को उपलब्ध कराएंगे बेहतर खेल सुविधाएं
(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)
भगवानपुर (हरिद्वार)। जिला हरिद्वार के भगवानपुर क्षेत्र में सलमान प्रधान एवं उनकी टीम द्वारा आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और युवाओं का उत्साहवर्धन किया तथा उनके साथ संवाद कर क्षेत्र में खेल सुविधाओं की स्थिति पर चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान आजाद अली ने कहा कि क्रिकेट सहित अन्य खेलों के प्रति क्षेत्र के युवाओं में काफी उत्साह और प्रतिभा है, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि आज भी युवाओं को खेलों के लिए उचित मैदान और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए युवाओं को स्कूलों के मैदानों पर निर्भर रहना पड़ता है। उन्हें बेहतर खेल अवसरों और अभ्यास की सुविधाओं के लिए भी परेशान होना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र की पहचान केवल उसकी शिक्षा, व्यापार और विकास से ही नहीं होती, बल्कि वहां के युवाओं को मिलने वाले अवसरों से भी होती है। ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं, जिन्हें यदि उचित संसाधन, प्रशिक्षण और खेल का बेहतर मंच मिले तो वे जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं।
आजाद अली ने कहा कि जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) का संकल्प है कि युवाओं को खेल सुविधाओं के लिए भटकना न पड़े। क्षेत्र में उचित खेल मैदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, क्रिकेट सहित अन्य खेलों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए मजबूत मंच उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं को खेलों के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस मुद्दे को जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) के प्रस्तावित चुनावी घोषणा-पत्र में भी शामिल किया जाएगा, ताकि खेल सुविधाओं की कमी को दूर करने के लिए ठोस योजना बनाई जा सके।
उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। खेलों के माध्यम से युवा नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं।
कार्यक्रम में मौजूद युवाओं ने भी क्षेत्र में खेल मैदानों और आधुनिक खेल सुविधाओं की आवश्यकता पर अपनी बात रखी। क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन की सराहना करते हुए आजाद अली ने सलमान प्रधान एवं उनकी पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
अंत में उन्होंने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना समाज और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।

