November 9, 2026

चौधरी मुबशशीर एडवोकेट एवं उनकी टीम की सराहनीय पहल, समाज की खिदमत के लिए खरीदी गईं 100 कुर्सियां, सभी बिरादरियों को मिलेगी निःशुल्क सुविधा

(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)

रुड़की। समाजसेवा, आपसी भाईचारे और इंसानियत की भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से चौधरी मुबशशीर एडवोकेट एवं उनकी टीम ने एक सराहनीय पहल की शुरुआत की है। सत्ती मोहल्ला रुड़की स्थित उनके कैंप कार्यालय एवं निवास पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में समाज की सुविधा के लिए 100 कुर्सियां खरीदे जाने की जानकारी दी गई। इन कुर्सियों को किसी एक बिरादरी तक सीमित न रखते हुए सभी बिरादरियों और क्षेत्रवासियों के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

इस अवसर पर चौधरी मौहम्मद मुबशशीर एडवोकेट, चौधरी लौहार बिरादरी रुड़की एवं उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष, रियल मुल्तानी लौहार वेलफेयर सोसाइटी रजिस्टर्ड भारतवर्ष ने बताया कि उनके साथ टीम के सदस्यों एवं सरपरस्तों कमर मामून, शाहिद हसन, रऊफ अहमद, गफ्फार अहमद और सईद मिर्जा के निरंतर प्रयासों तथा बिरादरी के सहयोग से समाजसेवा के उद्देश्य से 100 कुर्सियों की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि अक्सर छोटे-बड़े घरेलू कार्यक्रमों, सामाजिक आयोजनों, खुशी-गम और अन्य आवश्यक अवसरों पर लोगों को कुर्सियों की जरूरत पड़ती है। ऐसे में यह व्यवस्था आम लोगों के लिए काफी मददगार साबित होगी। जरूरतमंद परिवार इन कुर्सियों का इस्तेमाल बिना किसी शुल्क के कर सकेंगे।

शाहिद हसन ने की टीम के प्रयासों की सराहना

शाहिद हसन साहब ने कहा कि चौधरी मुबशशीर एडवोकेट एवं उनकी टीम ने समाज की खिदमत के लिए जो कदम उठाया है, वह सराहनीय है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को ऐसे जनहित के कार्यों में आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि 100 कुर्सियां खरीदकर उन्हें समाज के लिए समर्पित करना आपसी सहयोग और सेवा भावना का उदाहरण है।

कमर मामून ने टीम के जज्बे को सराहा

कमर मामून साहब ने कहा कि मुबशशीर एडवोकेट एवं उनकी टीम लगातार बिरादरी और समाज को एकजुट करने के लिए प्रयासरत है। टीम के सदस्य कमर मामून, शाहिद हसन, गफ्फार अहमद, रऊफ अहमद और सईद मिर्जा मिलकर समाजहित के कार्यों में अपना योगदान दे रहे हैं। उन्होंने पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की।

गफ्फार अहमद और अफसर अल्वी को सौंपी जिम्मेदारी

कुर्सियों के रखरखाव एवं वितरण की जिम्मेदारी जनाब गफ्फार अहमद मिर्जा और जनाब अफसर अल्वी को सौंपी गई है। क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति जरूरत पड़ने पर इन दोनों जिम्मेदार सदस्यों से संपर्क कर कुर्सियां प्राप्त कर सकता है। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कुर्सियों को वापस करना होगा, ताकि दूसरे जरूरतमंद परिवार भी इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

सभी बिरादरियों को साथ लेकर चलने का संदेश

रऊफ अहमद साहब ने कहा कि खिदमत ही हमारा मकसद है और इंसानियत ही हमारी पहचान है। उन्होंने बताया कि इस पहल में भेदभाव को समाप्त करने और सामाजिक एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से अलग-अलग बिरादरियों के दो सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि यह मुहिम केवल एक बिरादरी के लिए नहीं, बल्कि सभी समाजों को साथ लेकर चलने की भावना से शुरू की गई है।

वहीं हसीन मिर्जा ने कहा कि इस पहल के पीछे किसी प्रकार का प्रचार या व्यक्तिगत स्वार्थ नहीं है, बल्कि इंसानियत के नाते समाज की सेवा करना ही मुख्य उद्देश्य है। भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहित और सामाजिक सेवा के कार्य जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि समाज की वास्तविक तरक्की केवल बड़ी-बड़ी बातों से नहीं, बल्कि ऐसे छोटे-छोटे नेक कार्यों और एक-दूसरे के काम आने की भावना से होती है। इस पहल से क्षेत्र में आपसी सहयोग, भाईचारे और सामाजिक एकता को बढ़ावा मिलेगा।

इस मौके पर मोइनुद्दीन मिर्जा, चौधरी अब्दुल जब्बार, कमर मामून, शाहिद हसन, हाजी अजमल, रज्जाक, सादिक मिर्जा, गफ्फार अहमद, बिलाल अहमद एडवोकेट, हसीनुद्दीन उर्फ मंजू, हसीन मिर्जा, सईद, अब्दुल रहमान उर्फ बाबा, जुनैद, अंसार मिर्जा, अब्दुल रऊफ, शकील मिर्जा, हाफिज शकील, मोहम्मद फारूक, अफसर अल्वी, शमशुल रहमान, सलीम मिर्जा, सरफराज मिर्जा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!