October 28, 2026

नगर पंचायत ढंडेरा में बोर्ड बैठक में विकास कार्यों पर लगी मोहर, सर्वसम्मति से पास हुए कई प्रस्ताव

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

ढंडेरा नगर पंचायत में बुधवार को बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी सभासद मौजूद रहे। इस दौरान क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई और कई प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक में वार्डों की समस्याओं, सफाई व्यवस्था, जलभराव और स्ट्रीट लाइट सहित मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश नेगी ने सभासदों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा और सभी सभासदों को साथ लेकर काम किया जाएगा। बैठक के दौरान कुछ विकास कार्यों को लेकर सभासदों ने अपनी बात रखी, जिसके चलते कुछ समय के लिए बैठक की कार्यवाही रोकनी पड़ी। इसके बाद अध्यक्ष सतीश नेगी ने सभासदों को आश्वासन दिया और बैठक दोबारा शुरू हुई। बैठक में क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार विकास कार्य कराने तथा लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई।

दीपावली से पहले लगेंगी 20 स्ट्रीट लाइटें

बोर्ड बैठक में कुछ वार्डों में अंधेरे की समस्या का मुद्दा उठाया गया। सभासदों ने गलियों और मोहल्लों में रोशनी की व्यवस्था बेहतर करने के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की। इस पर अध्यक्ष सतीश नेगी ने दीपावली से पहले 20 स्ट्रीट लाइटें लगाने का आश्वासन दिया। इससे संबंधित क्षेत्रों में रोशनी बढ़ने और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

सीमित बजट में कराए जा रहे विकास कार्य

नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश नेगी ने बताया कि ढंडेरा नई नगर पंचायत है, इसलिए यहां उपलब्ध बजट सीमित है। नगर पंचायत को प्रत्येक तिमाही लगभग 25 लाख रुपये मिलते हैं। इस राशि से कर्मचारियों के वेतन, कार्यालय संचालन, सफाई व्यवस्था और अन्य आवश्यक खर्चों का प्रबंधन करना पड़ता है। इसके अलावा तालाब, गोदाम और कूड़ा रखने के लिए किराये पर ली गई जगह जैसी व्यवस्थाओं पर भी खर्च होता है। टैक्स आदि से प्राप्त होने वाली राशि से छोटे-मोटे विकास कार्य कराए जा रहे हैं।उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 3 और वार्ड नंबर 8 में विकास कार्य कराए गए हैं। इसके अतिरिक्त भी क्षेत्र में जरूरत के अनुसार कार्य जारी हैं। पिछले वर्ष और इस वर्ष बारिश के दौरान कई स्थानों पर जलभराव की समस्या सामने आई थी। नगर पंचायत की ओर से मोटर लगवाकर पानी निकलवाया गया, जिससे लोगों को राहत मिली।

सफाई व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी

चेयरमैन ने बताया कि नगर पंचायत में सफाई कर्मचारियों की कमी है। पर्याप्त बजट और संसाधन उपलब्ध होने पर कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने के साथ सफाई वाहनों की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की आबादी और वार्डों की संख्या को देखते हुए बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए अतिरिक्त संसाधनों की जरूरत है।उन्होंने बताया कि नगर पंचायतों का बजट बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री से मांग की गई है। बजट में बढ़ोतरी होने पर विकास कार्यों को और गति मिलने की उम्मीद है।

जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता

अध्यक्ष सतीश नेगी ने कहा कि जनता ने उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है और वे अपने कार्यकाल में किए गए वादों को पूरा करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र में जलभराव जैसी समस्या होने पर तत्काल समाधान का प्रयास किया जाएगा। विकास कार्यों के लिए वह स्वयं देहरादून जाकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष मांग रखते हैं।वहीं, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने बताया कि बैठक कुछ समय के लिए स्थगित हुई थी, लेकिन अध्यक्ष द्वारा सभासदों को आश्वासन दिए जाने के बाद कार्यवाही दोबारा शुरू कर दी गई।बैठक में विकास कार्यों को गति देने, मूलभूत सुविधाओं में सुधार करने और वार्डों की समस्याओं का समाधान करने पर जोर दिया गया। दीपावली से पहले 20 स्ट्रीट लाइटें लगाने के आश्वासन से क्षेत्रवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!