October 20, 2026

रुड़की के नेहरू स्टेडियम में रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन, 107वें रामलीला महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब, आतिशबाजी से जगमगाया आसमान

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)

रुड़की। नगर में विजयादशमी का पर्व श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। बीटी गंज रामलीला समिति की ओर से आयोजित 107वें रामलीला महोत्सव के अंतर्गत नेहरू स्टेडियम में भव्य दशहरा मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के विशाल पुतलों का दहन किया गया। पुतलों में आग लगते ही पूरा स्टेडियम रंग-बिरंगी आतिशबाजी से जगमगा उठा और चारों ओर जय श्रीराम के जयकारे गूंजने लगे। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक विजयादशमी पर्व का उत्सव मनाया।

बीटी गंज से निकली भव्य शोभायात्रा

दशहरा पर्व के अवसर पर बीटी गंज से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा नगर के विभिन्न बाजारों से होते हुए नेहरू स्टेडियम पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया। भगवान श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। शोभायात्रा के स्टेडियम पहुंचने के बाद दशहरा कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक और गणमान्य लोग शामिल हुए।

राम-रावण युद्ध के मंचन ने मोहा मन

नेहरू स्टेडियम में भगवान श्रीराम और रावण की सेनाओं के बीच युद्ध का आकर्षक मंचन किया गया। रामलीला के कलाकारों ने युद्ध के विभिन्न प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। भगवान श्रीराम द्वारा रावण का वध किए जाने के दृश्य के दौरान दर्शकों ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ उत्साह व्यक्त किया। इसके बाद उपस्थित अतिथियों ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की आरती कर आशीर्वाद लिया।

आतिशबाजी से जगमगाया नेहरू स्टेडियम

आरती के बाद रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। पुतलों के जलते ही आसमान में रंग-बिरंगी आतिशबाजी का नजारा दिखाई दिया। स्टेडियम में मौजूद लोगों ने तालियों और जयकारों के साथ इस दृश्य का स्वागत किया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में दशहरा मेले को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था और उत्सव का माहौल बना रहा।

बुराई पर अच्छाई की जीत का दिया संदेश

विजयादशमी का पर्व भगवान श्रीराम की रावण पर विजय का प्रतीक माना जाता है। दशहरा मेले के माध्यम से समाज को सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया। रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन बुराई, अहंकार और अधर्म के अंत का प्रतीक रहा। बीटी गंज रामलीला समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्व की खुशियां साझा कीं।

इनकी रही मौजूदगी

कार्यक्रम का संचालन समिति के महामंत्री सौरभ सिंघल ने किया। इस अवसर पर मेयर अनीता देवी अग्रवाल, पूर्व मेयर गौरव गोयल, मनोज अग्रवाल, राकेश गर्ग, एडवोकेट नवीन जैन, विभोर सेठी, अक्षय प्रताप सिंह, दीपक शुक्ला, ललित मोहन अग्रवाल, प्रदीप परूथी, सावित्री मंगला, अरविंद गोयल और वरुण गोयल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति एवं नगरवासी मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं दीं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!