October 20, 2026

मंगलौर में बिजली चोरों पर विद्युत विभाग का शिकंजा, 15 मामले पकड़े

(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)

मंगलौर। विद्युत चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलौर क्षेत्र में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को विद्युत वितरण उपखंड मंगलौर के अंतर्गत की गई कार्रवाई में बिजली चोरी के 15 मामले पकड़े गए। विभागीय टीम ने मौके पर ही संबंधित केबल उतरवाकर सील कीं। साथ ही बिजली चोरी करते पकड़े गए लोगों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।

विद्युत विभाग को क्षेत्र में बिजली चोरी किए जाने की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपखंड मंगलौर, उपखंड रामनगर और सहायक अभियंता मापक भगवानपुर की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने मंगलौर के मोहल्ला ईदगाह बंदरटोल, टांडा रोड और मालपुरा क्षेत्र में जांच की। कार्रवाई के दौरान बिजली चोरी के 15 मामले सामने आए।

अभियान का नेतृत्व उपखंड अधिकारी मंगलौर अनुभव सैनी ने किया। उनके साथ उपखंड अधिकारी रामनगर ओमपाल, सहायक अभियंता मापक भगवानपुर अरुण कुमार, अवर अभियंता मंगलौर विकास कुमार और अभिषेक सहित विभाग के लाइनमैन मौजूद रहे। संयुक्त टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए बिजली चोरी में इस्तेमाल की जा रही केबलों को उतरवाकर सील किया। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मचा रहा।

बिजली चोरी करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई

विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी एक गंभीर अपराध है और इसमें संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पकड़े गए मामलों में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विभागीय प्रक्रिया पूरी कर एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने यह भी संकेत दिया कि भविष्य में बिजली चोरी रोकने के लिए संयुक्त टीमों का गठन कर लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, बिजली चोरी के कारण विद्युत व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है और ईमानदारी से बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए नियमित निरीक्षण और सख्त कार्रवाई आवश्यक है।

उपभोक्ताओं से बिजली बचाने की अपील

विद्युत विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से बिजली का उपयोग आवश्यकता के अनुसार और सावधानीपूर्वक करने की अपील की है। विभाग की ओर से कहा गया कि अधिक बिजली खपत के समय विद्युत व्यवस्था पर दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में घरों में बिजली से चलने वाले उपकरणों को एक साथ चलाने से बचें और शाम के पीक समय में बिजली का सीमित उपयोग करें।

विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि बिजली की सुचारू आपूर्ति बनाए रखने में आम जनता की महत्वपूर्ण भूमिका है। बिजली चोरी से बचने, वैध कनेक्शन का इस्तेमाल करने और ऊर्जा की बचत करने से विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी।

विद्युत विभाग ने साफ किया कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!