कांवड़ यात्रा में उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस अधिकारियों और SPO का सम्मान, पूजा गुप्ता बोलीं- इनकी सक्रियता से शहर सुरक्षित
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPO) का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समाजसेवी एवं पूर्व मेयर प्रत्याशी पूजा गुप्ता तथा कांग्रेस प्रदेश महामंत्री सचिन गुप्ता की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और SPO को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, रुड़की के सीओ, मंगलौर के सीओ, भगवानपुर के सीओ समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती रही। पुलिसकर्मियों और SPO ने दिन-रात ड्यूटी निभाकर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में अहम योगदान दिया।
पूर्व मेयर प्रत्याशी पूजा गुप्ता ने कहा कि शासन-प्रशासन और पुलिस अधिकारियों का सम्मान समारोह आयोजित करना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले को बेहतर तरीके से संपन्न कराने में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी सक्रियता और लगातार मेहनत के कारण शहर सुरक्षित और व्यवस्थित महसूस होता है।
पूजा गुप्ता ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान कई बार ऐसी परिस्थितियां उत्पन्न होती हैं, जिन्हें तत्काल संभालना जरूरी होता है। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी और तत्परता के कारण ऐसी परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सका। उन्होंने कहा कि शहर की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी लगातार दिन-रात काम करते हैं।
उन्होंने महिला पुलिस अधिकारियों की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि महिला अधिकारी भी सुरक्षा और व्यवस्था के क्षेत्र में पूरी मेहनत के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं। इससे यह संदेश मिलता है कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।
कांग्रेस प्रदेश महामंत्री सचिन गुप्ता ने कहा कि पुलिस अधिकारियों और SPO के सम्मान के लिए कार्यक्रम सही समय पर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले को सफल बनाने में पुलिस अधिकारियों के साथ SPO ने भी पूरी मेहनत और लगन से अपनी जिम्मेदारी निभाई। ऐसे लोगों का सम्मान उनका हौसला बढ़ाने के साथ-साथ दूसरों को भी सेवा के लिए प्रेरित करता है।
सचिन गुप्ता ने कहा कि पुलिस विभाग की ओर से SPO बनाने की पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि कई वर्षों से यह व्यवस्था शहर की सुरक्षा और व्यवस्थाओं में सहयोग कर रही है। पुलिस की अनुपस्थिति में भी SPO अपने स्तर से व्यवस्थाओं को संभालने में सहयोग करते हैं और जनता के बीच रहकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान इन सभी लोगों ने पूरी निष्ठा के साथ काम किया और उनकी मेहनत को जनता ने भी महसूस किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और SPO इसी तरह रुड़की की जनता की सेवा करते हुए शहर की सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने में योगदान देते रहेंगे।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि पुलिस और समाज के बीच सहयोग की भावना मजबूत होने से शहर में सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर हो सकती है। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और SPO का आभार जताया।









