August 31, 2026

दरियापुर दयालपुर में किसान-मजदूरों की बैठक, विधायक फुरकान अहमद को सौंपा ज्ञापन

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)

रुड़की। किसान मजदूर संगठन सोसायटी (रजि.) की ओर से पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दरियापुर दयालपुर में किसानों, मजदूरों और स्थानीय युवाओं की समस्याओं को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान और मजदूर शामिल हुए। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट महक सिंह सैनी के नेतृत्व में क्षेत्रीय विधायक फुरकान अहमद को विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया।

बैठक के दौरान किसानों, मजदूरों और युवाओं से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन ने विधायक से आगामी उत्तराखंड विधानसभा सत्र में इन मांगों को प्रमुखता से सदन में उठाने की अपील की। संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि इससे पहले 5 जून 2026 को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन सौंपकर किसानों और मजदूरों की समस्याओं से अवगत कराया जा चुका है।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से उत्तराखंड के किसानों को सिंचाई के लिए 100 प्रतिशत मुफ्त बिजली और पानी उपलब्ध कराने की मांग की गई। संगठन का कहना है कि नहरों तथा सरकारी और निजी नलकूपों से सिंचाई करने वाले किसानों को महंगे बिजली बिल और वॉटर सेस से राहत मिलनी चाहिए। इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली की तर्ज पर किसानों को सिंचाई सुविधाओं में राहत देने की मांग उठाई गई।

वहीं, स्थानीय युवाओं के रोजगार का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया। संगठन ने मांग की कि उत्तराखंड के सिडकुल सहित सभी सरकारी, अर्ध-सरकारी और निजी उद्योगों में स्थानीय मूल निवासी युवाओं के लिए न्यूनतम 70 प्रतिशत रोजगार सुनिश्चित करने के नियम को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।

बैठक में पहुंचे विधायक फुरकान अहमद ने संगठन और ग्रामीणों की मांगों को किसानहित, युवाहित और जनहित से जुड़ा बताते हुए इन्हें जायज बताया। उन्होंने कहा कि किसान और युवा राज्य की नींव हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी विधानसभा सत्र में इन मांगों को मजबूती से सदन के सामने रखा जाएगा और क्षेत्रवासियों को उनका हक दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि किसान मजदूर संगठन पूर्व में भी किसानों और मजदूरों से जुड़े कई मुद्दे उठा चुका है। इनमें घर-घर गन्ना पर्ची पहुंचाने, चीनी मिलों का डाटा पूरी तरह ऑनलाइन कराने, खराब पड़े सरकारी नलकूपों को समय पर चालू कराने तथा उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों से मिलों द्वारा अवैध रूप से गन्ना खरीदने पर रोक लगाने जैसे मुद्दे शामिल हैं।

संगठन का कहना है कि वर्तमान मांगों का समाधान सरकार के स्तर पर होना है। इसी कारण संगठन सत्ता पक्ष और विपक्ष के जनप्रतिनिधियों को क्रमवार ज्ञापन सौंपकर किसानों और मजदूरों की आवाज को सरकार तक पहुंचा रहा है।

बैठक में राष्ट्रीय महासचिव चौधरी राजेंद्र कुमार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सेठपाल सिंह, राष्ट्रीय सचिव ब्रह्म सिंह धीमान, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष वेदपाल सैनी, कलियर विधानसभा अध्यक्ष मोहम्मद इसरार, खानपुर विधानसभा अध्यक्ष मुनेश पाल, महानगर रुड़की अध्यक्ष सतीश चंद्र फौजी, नाथी राम सैनी, सत्येंद्र सैनी, योगेंद्र सैनी, सुरेश धीमान, लक्ष्मीचंद, रविंद्र कुमार, नवीन मारिया, राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण कुमार सैनी, गोपाल सैनी, गजेंद्र सिंह सैनी सहित सैकड़ों ग्रामीण और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!