August 27, 2026

रुड़की में डबल मर्डर का चंद घंटों में खुलासा, सगा भाई गिरफ्तार।संपत्ति विवाद और चरित्र पर शक बना हत्या की वजह, दो बहनों की गोली मारकर हत्या; जीजा गंभीर घायल

(ब्योरो  रिपोर्ट।दिलशाद खान।KNEWS 18)

रुड़की। कोतवाली गंगनहर क्षेत्र के गणेशपुर में देर रात हुए सनसनीखेज डबल मर्डर का हरिद्वार पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में उनके भाई विवेक उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया है। वारदात के दौरान आरोपी का जीजा भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा, छह खोखा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
जानकारी के मुताबिक 25-26 अगस्त 2026 की रात गणेशपुर रुड़की निवासी अर्जुन सिंह ने कोतवाली गंगनहर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मामा विवेक उर्फ विक्की ने फायरिंग कर उसकी मां और मौसी की हत्या कर दी, जबकि इस दौरान उसके मौसा को भी गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 327/2026 के तहत धारा 103(1), 109(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और मामले के शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आरोपी की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस को मिले महत्वपूर्ण इनपुट के आधार पर आरोपी विवेक उर्फ विक्की को चूड़ामणि मंदिर चौक के पास चुड़ियाला, भगवानपुर से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से 315 बोर का एक तमंचा, छह खोखा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई है। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे संपत्ति विवाद और चरित्र पर शक की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि हत्या के वास्तविक कारणों और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान विवेक उर्फ विक्की पुत्र जयपाल निवासी चुड़ियाला, थाना भगवानपुर, हरिद्वार के रूप में की है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इस डबल मर्डर के शीघ्र खुलासे में सीओ रुड़की ओशीन जोशी, प्रभारी निरीक्षक मणी भूषण श्रीवास्तव, व0उ0नि0 दीप कुमार सहित कोतवाली गंगनहर की पुलिस टीम और सीआईयू रुड़की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!