सुनहरा शहीद स्मारक स्थल पर भव्य समारोह, पूर्व मेयर ने वीर शहीदों और वीरांगनाओं को किया नमन शहीदों की स्मृति में यज्ञ और श्रद्धांजलि के साथ मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आर्य समाज नंद विहार, रुड़की एवं शहीद भगत सिंह आदर्श युवा मंच के संयुक्त तत्वावधान में सुनहरा स्थित शहीद स्मारक स्थल पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों और वीरांगनाओं को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया गया। इस दौरान वैदिक परंपरा के अनुसार यज्ञ का आयोजन भी किया गया, जिसमें देश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की गई।
यज्ञ के ब्रह्मा ऋषिपाल आर्य रहे, जबकि यज्ञमान के रूप में सुभाष सैनी एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती बबिता सैनी ने भाग लिया। स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन एवं संचालन जिला आर्य समाज प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी ने किया। कार्यक्रम में पूर्व मेयर रुड़की गौरव गोयल, स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारियों ऋषिपाल आर्य एवं संजय चौबे तथा विभिन्न समाजसेवियों की मौजूदगी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
समारोह में आर्य समाज के प्रसिद्ध भजनोपदेशक आर्य चेतराम ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को राष्ट्रभक्ति से भर दिया। उनके गीतों पर उपस्थित लोगों में देशप्रेम और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना देखने को मिली। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के बलिदान को याद किया।
इस अवसर पर पूर्व मेयर रुड़की गौरव गोयल ने सभी देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमें अनेक वीरों और वीरांगनाओं के त्याग एवं बलिदान के बाद मिली है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने में अपना योगदान दे। उन्होंने शहीद स्मारक स्थल पर पहुंचकर देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का दिन भी है। युवाओं को शहीदों के जीवन और उनके संघर्ष से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम में शहीद स्मारक स्थल के संरक्षण और शहीदों की स्मृतियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
समारोह में शहीद भगत सिंह आदर्श युवा मंच के अध्यक्ष नीरज सैनी, वरिष्ठ भाजपा नेता नवीन कुमार जैन एडवोकेट, भाजपा नेत्री श्रीमती मिथलेश सैनी, दीपा सैनी, शारदा, रविंद्र सैनी, सौ सिंह सैनी, पवन योगाचार्य, पुष्पेंद्र आर्य, तरुण अग्रवाल, सोनू आर्य, एडवोकेट अनुज सैनी, कपिल सैनी, रणबीर सिंह, राजकुमार मतलबपुर, इमरान देशभक्त, अनूप शर्मा सहित अनेक लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन शहीदों को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता और उन्नति के लिए सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को सदैव याद रखने और उनके आदर्शों को समाज में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।



