पूर्व राज्यमंत्री गौरव चौधरी की और से प्रदेश व कस्बेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं, झबरेड़ा वासियों से नगर पंचायत को स्वच्छ रखने की अपील
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
झबरेड़ा। पूर्व राज्यमंत्री डॉ गौरव चौधरी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर क्षेत्र में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश देते हुए समस्त देशवासियों, प्रदेशवासियों और झबरेड़ा कस्बेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी। इस दौरान देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग को याद करने का अवसर है, जिनके बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि भारत को उन्नति और प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट होकर कार्य करना होगा। आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भावना को मजबूत करते हुए देश की एकता और अखंडता को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जब देशवासी कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ेंगे, तभी भारत को सर्वोच्च स्तर पर पहुंचाने का सपना साकार होगा।
झबरेड़ा के विकास में जनता की भूमिका अहम
इस अवसर पर झबरेड़ा के नागरिकों से नगर पंचायत के विकास में सक्रिय सहयोग की अपील भी की गई। उन्होंने कहा कि झबरेड़ा वासियों ने किरण चौधरी को नगर पंचायत अध्यक्ष चुना है और उनके साथ नवनिर्वाचित बोर्ड को भी जिम्मेदारी सौंपी है। अब यह आवश्यक है कि जनता नगर पंचायत अध्यक्ष और बोर्ड के साथ मिलकर कस्बे के विकास को गति देने में सहयोग करे।
उन्होंने कहा कि किसी भी नगर के विकास में केवल जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर्याप्त नहीं होती, बल्कि आम जनता की भागीदारी भी बेहद जरूरी होती है। यदि नागरिक अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए नगर पंचायत का सहयोग करें तो क्षेत्र में स्वच्छता, सफाई, सड़क, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं में बेहतर सुधार किया जा सकता है।
स्वच्छ और सुंदर झबरेड़ा बनाने की अपील
पूर्व राज्यमंत्री डॉ गौरव चौधरी ने झबरेड़ा को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नागरिकों से विशेष सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि वे सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालें और नगर पंचायत द्वारा चलाए जाने वाले स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी करें। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ कस्बा केवल प्रशासन या नगर पंचायत की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बोर्ड के प्रस्तावों में सहयोग का आह्वान
वक्ताओं ने कहा कि नगर पंचायत बोर्ड द्वारा कानूनी प्रक्रिया के तहत लाए जाने वाले विकास प्रस्तावों में जनता सहयोग और सकारात्मक मार्गदर्शन दे। जनप्रतिनिधियों और जनता के बीच बेहतर समन्वय से विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है।
