भगवानपुर क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने विजेताओं को किया सम्मानित

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

भगवानपुर में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन समारोह रविवार को बड़े उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में शामिल हुए। उनके आगमन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और क्षेत्रवासियों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। समापन समारोह के दौरान डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने टूर्नामेंट की विजेता टीम और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि अनुशासन, संघर्ष, समर्पण और टीम भावना का सबसे बड़ा माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं तथा उन्हें जीवन में सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि आज देश में खेलों के क्षेत्र में अपार संभावनाएं मौजूद हैं। सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, जिससे प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को मंच देने के लिए इस प्रकार के आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने भी खिलाड़ियों और आयोजकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को भी मजबूत करती हैं। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का कार्य करते हैं और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में राज्य मंत्री ओमप्रकाश जगदम्बनी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। समारोह में शोभाराम प्रजापति, ललित मोहन अग्रवाल, संदीप खटाना, अमन त्यागी सहित भारतीय जनता पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। विजेता टीम के खिलाड़ियों ने ट्रॉफी प्राप्त कर खुशी जाहिर की और आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। भगवानपुर क्रिकेट टूर्नामेंट का यह समापन समारोह क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का आधार बताया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!