September 24, 2026

हरिद्वार में जंगल से बरामद हुआ महिला का शव, पहचान के लिए पुलिस ने जारी किया हुलिया

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

हरिद्वार। हरिद्वार के चंडीघाट क्षेत्र में स्थित चंडी देवी मंदिर रोपवे मार्ग के पास जंगल में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही श्यामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए आमजन से सहयोग की अपील की है।
पुलिस के अनुसार रविवार 10 मई 2026 को चौकी चंडीघाट, कोतवाली श्यामपुर पुलिस को वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा सूचना दी गई कि चंडी देवी मंदिर जाने वाले पैदल मार्ग के पास जंगल में एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष श्यामपुर, चौकी प्रभारी चंडीघाट उपनिरीक्षक संतोष सेमवाल, महिला उपनिरीक्षक रचना पठानिया और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।


मौके पर पहुंचने पर पुलिस को लगभग 30 से 35 वर्ष आयु की एक महिला का शव जंगल में पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में शव करीब तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव की स्थिति खराब होने के कारण महिला का चेहरा स्पष्ट पहचान में नहीं आ सका। घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही जनपदीय फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। इसके बाद शव को पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए राजकीय जिला चिकित्सालय हरिद्वार की मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार मृतका का कद लगभग पांच फुट, रंग गेहुआं बताया गया है। महिला के शरीर पर कई टैटू बने हुए हैं, जिनके आधार पर पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। दाहिने हाथ की कलाई पर अंग्रेजी में “KAUSHILYA” नाम और गमलेनुमा फूल का टैटू बना हुआ है। वहीं बाएं हाथ की कलाई पर दिल के आकार का टैटू है, जिसके अंदर अंग्रेजी में “K.R” लिखा हुआ है। इसके अलावा बाएं हाथ की हथेली के ऊपर “ॐ” का टैटू भी गुदा हुआ है।श्यामपुर पुलिस ने जनसामान्य से अपील की है कि यदि किसी थाना, चौकी या क्षेत्र में इस महिला के संबंध में कोई गुमशुदगी दर्ज हो या किसी व्यक्ति को महिला के बारे में कोई जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने बताया कि जानकारी देने वाले व्यक्ति की सूचना को गोपनीय रखा जाएगा।पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और महिला की पहचान के साथ-साथ मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!