आग की लपटों से लड़ी रुड़की फायर टीम, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए हुआ भव्य सम्मान
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। फायर स्टेशन रुड़की की टीम को उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और जोखिमपूर्ण सेवा के लिए शनिवार को नेहरू स्टेडियम रुड़की में आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम व्यापार मंडल रुड़की द्वारा आयोजित किया गया, जिसके संयोजक व्यापार मंडल के महासचिव एवं प्रसिद्ध व्यापारी श्री कमल चावला रहे। समारोह में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति, नगर निगम रुड़की के मेयर, नगर आयुक्त, शहर के गणमान्य नागरिक, व्यापारी, मीडिया कर्मी एवं सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। समारोह में दिनांक 4 मई 2026 की देर रात रुड़की स्थित विन्नी गिफ्ट सेंटर में लगी भीषण आग पर काबू पाने वाली फायर स्टेशन रुड़की की टीम को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने फायर कर्मियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं नगद पुरस्कार प्रदान किए। प्रत्येक कर्मचारी को 5000 रुपये की सम्मान राशि देकर उनके साहसिक कार्य की सराहना की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि “सम्मान से मनोबल बढ़ता है और व्यक्ति अपने कर्तव्य के प्रति और अधिक समर्पित भाव से कार्य करता है।” उन्होंने कहा कि रुड़की फायर यूनिट ने जिस साहस और तत्परता के साथ इस भीषण अग्निकांड में कार्य किया, वह पूरे शहर के लिए गर्व की बात है। बताया गया कि विन्नी गिफ्ट सेंटर में लगी आग अत्यंत खतरनाक थी। आग की ऊंची लपटें आसमान छू रही थीं और आसपास का क्षेत्र घनी आबादी वाला होने के साथ-साथ संकरी गलियों से घिरा हुआ था। ऐसे चुनौतीपूर्ण माहौल में फायर स्टेशन रुड़की की टीम ने बिना अपनी जान की परवाह किए जहरीले धुएं और विकट परिस्थितियों के बीच लगातार राहत एवं बचाव कार्य चलाया। फायर यूनिट की त्वरित कार्रवाई और बेहतर रिस्पांस टाइम के चलते आसपास के आवासीय भवनों को जलने से बचा लिया गया तथा एक बड़ी जनहानि और धनहानि टल गई। विशेष बात यह रही कि फायर कर्मियों ने लगातार 12 घंटे से अधिक समय तक मौके पर डटे रहकर आग बुझाने का कार्य किया। इस उल्लेखनीय और जोखिमपूर्ण सेवा की वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, मीडिया कर्मियों और शहरवासियों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की। समारोह में यह भी कहा गया कि सम्मान मिलने से जिम्मेदारियां और अधिक बढ़ जाती हैं तथा यह प्रेरणा आगे भी बेहतर सेवा के लिए प्रोत्साहित करती है। सम्मानित टीम में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी श्री उदयवीर सिंह यादव, चालक विपिन सिंह तोमर, चालक मोहन सिंह नेगी, लीडिंग फायरमैन विपिन सैनी, फायरमैन दिनेश चौहान, फायरमैन सुनील बंदोलिया एवं फायरमैन सुनील सिंह शामिल रहे। समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सभी फायर कर्मियों का अभिनंदन किया।
