बेलड़ा में आजाद अली ने किया 2021 से बंद पड़ी मुंगरी प्रतियोगिता का शुभारंभ, युवाओं में दिखा उत्साह
(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)
पिरान कलियर। विधानसभा पिरान कलियर के ग्राम बेलड़ा में वर्षों से बंद पड़ी मुंगरी प्रतियोगिता का एक बार फिर शानदार आगाज हुआ। 2021 से बंद इस पारंपरिक प्रतियोगिता का पुनः शुभारंभ जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर किया। प्रतियोगिता के दोबारा शुरू होने से गांव और आसपास के क्षेत्र के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों, खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आजाद अली का आयोजकों एवं स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि कई वर्षों के अंतराल के बाद मुंगरी प्रतियोगिता को नई ऊर्जा और उत्साह के साथ दोबारा शुरू होते देखना बेहद खुशी की बात है। ऐसी प्रतियोगिताएं हमारी स्थानीय खेल परंपराओं को जीवित रखने के साथ-साथ युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी प्रदान करती हैं।
आजाद अली ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आपसी भाईचारा, एकजुटता, धैर्य और सकारात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को नशे और विभिन्न सामाजिक बुराइयों से दूर रखना बेहद जरूरी है। खेल का मैदान युवाओं को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ आगे बढ़ने और जीवन में सकारात्मक लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने बेलड़ा और पिरान कलियर के लोगों को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन लगातार होना चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों को प्रोत्साहित करने की बात कही।
प्रतियोगिता के आयोजन में जिशान अली (आर्म रेसलिंग कोच, हरिद्वार), एहसान अली, साबिर, अब्बास, फरमान मलिक, सुमन मलिक चैंपियन, इमरान अली, कुर्बान, समीर अली, साहिब, फैसल अली, आसिफ, सलीम, आमस अली, नरेंद्र कुमार और जानू मलिक सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आयोजकों ने बताया कि मुंगरी प्रतियोगिता को दोबारा शुरू करने का उद्देश्य क्षेत्र की खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना है। लंबे समय से बंद पड़ी प्रतियोगिता के पुनः आयोजन से ग्रामीणों में भी विशेष उत्साह है।
इस मौके पर प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं बेलड़ा और आसपास के गांवों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, सहयोगियों, खिलाड़ियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।


