भगवानपुर विधानसभा से नीटू मंडावर ने ठोकी ताल,टिकट मिला तो 10 हजार वोटों से जीतने का किया दावा,विधायक ममता राकेश पर साधा निशाना, विकास कार्यों पर उठाए सवाल
(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)
भगवानपुर (हरिद्वार)। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भगवानपुर विधानसभा सीट पर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। भारतीय जनता पार्टी के भीतर टिकट की दावेदारी को लेकर संभावित प्रत्याशियों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में वरिष्ठ भाजपा नेता नीटू कुमार मंडावर ने भगवानपुर विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी पेश करते हुए क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर वर्तमान विधायक ममता राकेश पर निशाना साधा है। वहीं, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष जुगेंद्र सिंह ने अपने भाई नीटू कुमार मंडावर के समर्थन में पार्टी हाईकमान से उन्हें प्रत्याशी बनाए जाने की मांग की है।
नीटू कुमार मंडावर ने वर्तमान विधायक ममता राकेश पर आरोप लगाते हुए कहा कि भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो पाए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को लेकर अभी भी कई समस्याएं बनी हुई हैं। विशेष रूप से बरसात के मौसम में तराई क्षेत्र की सड़कों की स्थिति बेहद खराब रही, जिसके चलते स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि खराब सड़कों के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं और किसानों को सबसे अधिक दिक्कतें झेलनी पड़ीं। बरसात के दौरान कई स्थानों पर आवागमन प्रभावित रहा। उनका कहना है कि क्षेत्र की जनता को बेहतर सड़कें, मूलभूत सुविधाएं और विकास कार्यों की जरूरत है। इन समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाना चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को राहत मिल सके।
जुगेंद्र सिंह ने हाईकमान से की टिकट देने की मांग
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष जुगेंद्र सिंह ने कहा कि नीटू कुमार मंडावर लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के संगठन में सक्रिय रहकर कार्य कर रहे हैं। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और क्षेत्र में उनकी सक्रियता को देखते हुए उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में मौका दिया जाना चाहिए। उन्होंने पार्टी हाईकमान से भगवानपुर सीट पर नीटू कुमार मंडावर की दावेदारी पर विचार करने की मांग की।
जुगेंद्र सिंह ने कहा कि यदि पार्टी नेतृत्व नीटू कुमार मंडावर को प्रत्याशी घोषित करता है तो वह पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से भी एकजुट होकर संगठन की मजबूती के लिए काम करने की अपील की। उनका कहना है कि चुनाव के दौरान व्यक्तिगत मतभेदों को किनारे रखकर पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के समर्थन में सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होना चाहिए।
10 हजार वोटों से जीत दर्ज करने का जताया लक्ष्य
गौरतलब है कि नीटू कुमार मंडावर पहले भी भगवानपुर विधानसभा सीट से वर्ष 2027 के चुनाव में अपनी दावेदारी जता चुके हैं। उन्होंने कहा था कि वह लंबे समय से पार्टी संगठन के साथ जुड़कर जनता के बीच काम कर रहे हैं। यदि पार्टी उन्हें चुनाव लड़ने का अवसर देती है तो वह पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे। उन्होंने 10 हजार वोटों के अंतर से जीत दर्ज करने का लक्ष्य भी जाहिर किया है।
भाजपा में टिकट को लेकर बढ़ी राजनीतिक चर्चाएं
नीटू कुमार मंडावर की ओर से क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दे उठाए जाने और जुगेंद्र सिंह द्वारा उनके समर्थन में खुलकर सामने आने के बाद भगवानपुर विधानसभा सीट पर भाजपा की टिकट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, पार्टी हाईकमान की ओर से अभी तक किसी भी प्रत्याशी के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में आगामी चुनाव में भाजपा किसे अपना प्रत्याशी बनाती है, इस पर क्षेत्र के राजनीतिक हलकों की नजरें टिकी हुई हैं।

