आईआईटी रुड़की में सतत ऊर्जा एवं ऊर्जा भंडारण सम्मेलन 2026 का समापन, कार्बन उत्सर्जन कम करने के उपायों पर हुआ मंथन
(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)
रुड़की (हरिद्वार)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की में सतत ऊर्जा एवं ऊर्जा भंडारण उपकरणों के माध्यम से कार्बन उत्सर्जन में कमी विषय पर आयोजित दो दिवसीय उद्योग-अकादमिक सम्मेलन 2026 का सफलतापूर्वक समापन हो गया। सम्मेलन में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों, उद्योगों और सरकारी क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञों ने हिस्सा लेकर स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियों, ऊर्जा भंडारण के आधुनिक समाधानों और भारत के कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के लक्ष्यों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
सम्मेलन का आयोजन आईआईटी रुड़की के मैक ऑडिटोरियम में संस्थान के निदेशक प्रो. के.के. पंत और उपनिदेशक प्रो. प्रवीण कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। इसका संयुक्त आयोजन आईआईटी रुड़की के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग और सतत ऊर्जा केंद्र (CFSE) ने ग्राफिक एरा डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी, देहरादून तथा विभिन्न संस्थागत एवं औद्योगिक भागीदारों के सहयोग से किया।
सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण आईआईटी रुड़की और ग्राफिक एरा डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी, देहरादून के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर होना रहा। इस दौरान आईआईटी रुड़की के उपनिदेशक प्रो. प्रवीण कुमार और ग्राफिक एरा डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. नरपिंदर सिंह मौजूद रहे। इस समझौते का उद्देश्य सतत ऊर्जा के क्षेत्र में संयुक्त अनुसंधान, शैक्षणिक सहयोग और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से दोनों संस्थान ऊर्जा से जुड़ी नई तकनीकों के विकास और अनुसंधान को व्यावहारिक उपयोग तक पहुंचाने की दिशा में मिलकर काम करेंगे।
सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में आईआईटी दिल्ली के प्रो. भीम सिंह एवं एएनआरएफ साइंस चेयर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राफिक एरा डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. नरपिंदर सिंह शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि भारत को स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच मजबूत साझेदारी आवश्यक है। स्वदेशी तकनीकों का विकास और ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों का व्यापक इस्तेमाल कार्बन उत्सर्जन कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
दो दिवसीय सम्मेलन के तकनीकी सत्रों में सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा, हाइब्रिड विद्युत प्रणाली, बैटरी ऊर्जा भंडारण, हरित हाइड्रोजन, जैव ऊर्जा, जलविद्युत और पंप्ड स्टोरेज जैसी आधुनिक तकनीकों पर चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने इन तकनीकों के व्यावहारिक उपयोग, उनके सामने आने वाली चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर अपने अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर आयोजित विद्यार्थियों के पोस्टर सत्र में युवा शोधकर्ताओं ने अपने नवीन अनुसंधान और तकनीकी नवाचारों का प्रदर्शन किया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नए शोध करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
सम्मेलन का समापन सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (CIPET) के महानिदेशक प्रो. शिशिर सिन्हा के संबोधन के साथ हुआ। उन्होंने सतत ऊर्जा के भविष्य के लिए प्रौद्योगिकी आधारित समाधानों, सहयोगात्मक अनुसंधान और उद्योगों की सक्रिय भागीदारी को बेहद महत्वपूर्ण बताया।
सम्मेलन के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार और उद्योग-अकादमिक सहयोग को नई दिशा देने के साथ ही भारत के कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के प्रयासों को मजबूती देने का संदेश दिया गया।


