रुड़की में अधिवक्ता और उनके चाचा पर जानलेवा हमला, फायरिंग का आरोप; फावड़े से वार कर चाचा का सिर फोड़ा
(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)
रुड़की (हरिद्वार)। सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर अधिवक्ता और उनके परिवार पर हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने अधिवक्ता इसराइल और उनके चाचा आजाद पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने अधिवक्ता की गाड़ी रास्ते में रोककर उनके साथ मारपीट की। इसी दौरान देसी कट्टे से फायरिंग किए जाने का भी आरोप है। चाचा आजाद जब उन्हें बचाने पहुंचे तो उनके सिर पर फावड़े से वार कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में कई टांके आए हैं। दोनों घायलों का सरकारी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद से अधिवक्ता का परिवार दहशत में है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर 12 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अधिवक्ता इसराइल के अनुसार घटना सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे की है। वह उस समय आवास विकास कार्यालय में बैठे थे, तभी उनके चाचा का फोन आया। चाचा ने बताया कि वह उनके पिता और बच्चे को भंगेड़ी में लगने वाले मेले में लेकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यासीन , याकिल और जाहीद बेटों सहित कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और उनके पिता के साथ गाली-गलौज व मारपीट की।
इसकी सूचना मिलने पर इसराइल ने 112 नंबर पर फोन किया और बाद में कोतवाली पहुंचे। उनके अनुसार पुलिसकर्मी मौके पर गए और दोनों पक्षों को रात साढ़े नौ बजे कोतवाली बुलाकर बातचीत से मामला सुलझाने की बात कही। इसके बाद वह अपने घर के लिए रवाना हो गए।
इसराइल ने बताया कि उनके घर जाने का रास्ता आरोपित पक्ष के घर के सामने से होकर गुजरता है। वहां यासीन का बेटा आरिफ, नूर आलम और जहीद सहित कुछ लोग खड़े थे। आरोप है कि उन्होंने उनकी गाड़ी रोक ली और थाने में हुई बातचीत के बारे में पूछने लगे कि हमारी पुलिस से शिकायत की है और इसराईल से कहा जा करके आ इतना कहते ही आरोपितों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
अधिवक्ता का आरोप है कि इसी दौरान इखलाक उर्फ लाखू का बेटा उमेर देसी कट्टा लेकर आया और उन पर फायरिंग की। शोर सुनकर जब उनके चाचा आजाद उन्हें बचाने पहुंचे तो हमलावरों ने उनके सिर पर फावड़े से वार कर दिया। इस हमले में आजाद गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर पर कई टांके आए हैं। आरोप है कि हमलावरों ने डंडों से भी मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
जमीन विवाद को लेकर 12 लोगों पर लगाए आरोप
इसराइल ने बताया कि विवाद की मुख्य वजह जमीन को लेकर पुराना मनमुटाव है। उनके अनुसार जमीन के क्षेत्रफल को लेकर दोनों पक्षों के बीच मतभेद है। उन्होंने आरोपित पक्ष से कागजात देखकर स्थिति स्पष्ट करने की बात कही थी, लेकिन इसके बावजूद उनके परिवार के साथ रंजिश रखी जा रही है।
पीड़ित इसराइल ने अपनी तहरीर में इखलाक पुत्र आकिल, उमेर पुत्र इखलाक, इकबाल पुत्र आकिल, नूर आलम, मीर आलम पुत्र जाकिर, आरिफ पुत्र यासीन, आकिल, जाहिद पुत्र शफी, यासीन पुत्र शफी, जाकिर पुत्र शफी, हसनैन पुत्र जाहिद और साकिब पुत्र जाहिद के नाम शामिल किए हैं। इसराइल का आरोप है कि ये सभी लोग जमीन विवाद को लेकर उनसे और उनके परिवार से रंजिश रखते आ रहे हैं।
अधिवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनके पास रखे पांच हजार रुपये भी निकाल लिए गए। हमलावरों ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि थाने जाकर उन्हें वकील बनाएंगे। पीड़ित के मुताबिक उनके परिवार में करीब दस लोग हैं, जबकि दूसरे पक्ष के लोगों की संख्या 40 से 50 तक है। ऐसे में उनका पूरा परिवार भय के माहौल में रह रहा है।
परिवार की सुरक्षा की लगाई गुहार
इसराइल ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपने परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। उनका कहना है कि यह हमला पूरी तरह जानलेवा था और वह आरोपितों के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।
फिलहाल पीड़ित की ओर से सिविल लाइन कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है। दोनों घायलों का सरकारी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


